बिग ब्रेकिंग: जिला पंचायत व ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू। आदर्श आचार संहिता लागू

जिला पंचायत व ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू। आदर्श आचार संहिता लागू

  • राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी की अधिसूचना, 14 अगस्त को आवश्यकतानुसार मतदान

उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग, देहरादून द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जनपद नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, साथ ही क्षेत्र पंचायत (ब्लॉक) प्रमुख, वरिष्ठ उप प्रमुख एवं कनिष्ठ उप प्रमुख पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।

चुनाव पंचायती राज अधिनियम, 1944 एवं पंचायत उपविधान नियमावली, 2016 के प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराए जाएंगे। इस दौरान राज्य में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी, जो सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया की समाप्ति तक लागू रहेगी।

निर्वाचन कार्यक्रम इस प्रकार निर्धारित किया गया है –

  • नामांकन पत्रों की प्राप्ति: 11 अगस्त 2025 पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक
  • नामांकन पत्रों की जांच: 11 अगस्त 2025 अपराह्न 03:30 बजे से
  • नामांकन वापसी की अंतिम तिथि: 12 अगस्त 2025  पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक
  • मतदान (यदि आवश्यक हुआ): 14 अगस्त 2025  प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक
  • मतगणना: 14 अगस्त 2025 मतदान समाप्ति के तुरंत बाद

मतदान स्थल और व्यवस्था

मतदान प्रक्रिया गुप्त मत प्रणाली से कराई जा सकती है, और मतदान स्थल संबंधित क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत मुख्यालयों पर होंगे। चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

आचार संहिता का पालन अनिवार्य

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी अभ्यर्थियों व राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे निर्वाचन आचार संहिता का सख्ती से पालन करें। उल्लंघन की स्थिति में त्वरित कार्यवाही की जाएगी।

नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ

जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री और प्राप्ति की प्रक्रिया 8 अगस्त से ही शुरू हो गई है। सभी इच्छुक अभ्यर्थी नियत तिथि और समय पर अपने नामांकन पत्र प्राप्त एवं दाखिल कर सकते हैं।

संपर्क सूचना: अधिक जानकारी हेतु संबंधित क्षेत्र के निर्वाचन कार्यालय से संपर्क करें।