बदरीनाथ फेस्टिवल, रिश्वतखोरी, पुलिस मुठभेड़, दुष्कर्म समेत 8 बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को बदरीनाथ धाम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर विवाद, रिश्वत लेते पटवारी की गिरफ्तारी, नदी हादसे में सेना के जवान की मौत, गोमुख ट्रैक पर बुजुर्ग यात्री के लापता होने, छात्रसंघ चुनावों में हंगामा और NEET फर्जी प्रमाण-पत्र मामले समेत कई बड़ी खबरें सामने आईं।
बदरीनाथ में सांस्कृतिक कार्यक्रम पर विवाद
बदरीनाथ धाम के अराइवल प्लाजा में 19 और 20 सितंबर को आयोजित देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026 को लेकर साधु-संतों और तीर्थ पुरोहित समाज ने धार्मिक मर्यादा का हवाला देते हुए आपत्ति जताई है।
कार्यक्रम में तेज संगीत, मंचीय प्रस्तुतियों और दर्शकों के नृत्य के वीडियो वायरल हुए हैं। चमोली डीएम गौरव कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी और न ही यह प्रशासन का आयोजन था। मामले में सेना को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
नैनीताल की धारी तहसील में विजिलेंस टीम ने भूमि की नाप के एवज में 30 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में पटवारी निर्मल बोरा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। शिकायत 1064 हेल्पलाइन पर की गई थी। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही मिलने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई।
कोसी नदी में डूबे सेना के जवान
बेतालघाट क्षेत्र में कोसी नदी में नहाते समय 38 वर्षीय नायब सूबेदार पृथ्वी पाल सिंह तेज बहाव में बह गए। एसडीआरएफ और पुलिस ने करीब तीन किलोमीटर दूर पत्थरों के बीच उनका शव बरामद किया। जवान पंजाब के भटिंडा में तैनात थे और छुट्टी पर घर आए थे।
गोमुख ट्रैक पर बुजुर्ग लापता
गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर कच्चीढांग के पास महाराष्ट्र के 63 वर्षीय रामकुमार हनुमान गुप्ता पैर फिसलने से खाई में गिरने के बाद नदी के बहाव में बह गए।
एसडीआरएफ और वन विभाग ने तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। खराब मौसम के चलते अभियान रोकना पड़ा और मौसम अनुकूल होने पर दोबारा तलाश की जाएगी।
धर्म परिवर्तन और दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा
हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में मध्य प्रदेश की युवती ने इंस्टाग्राम पर संपर्क में आए युवक पर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि उसे तीन दिन तक कमरे में बंद रखा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रसंघ चुनाव में हंगामा, पुलिस का लाठीचार्ज
बाजपुर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नामांकन के बाद दो छात्र गुटों में विवाद हो गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया, जिसमें एक छात्रा समेत तीन विद्यार्थी घायल हुए। निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष और अधिवक्ता समेत छह लोगों को हिरासत में लेने के बाद कोतवाली में भी हंगामा हुआ।
मसूरी में तीन नामांकन निरस्त, चुनाव होल्ड
एमपीजी कॉलेज मसूरी में जांच के दौरान एबीवीपी के उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त कर दिए गए। इसके विरोध में छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया। विवाद बढ़ने पर कॉलेज प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया फिलहाल होल्ड कर दी।
NEET UG फर्जी प्रमाण-पत्र मामले में गदरपुर तक पहुंची जांच
उधम सिंह नगर के गदरपुर में एमबीबीएस प्रवेश के लिए कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेजों से स्थायी निवास, जाति और अन्य प्रमाण-पत्र बनवाने का मामला सामने आया है।
प्रशासन ने पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रमाण-पत्र निरस्त किए और मुकदमा दर्ज कराया है। दो संदिग्धों के मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
हरिद्वार में पुलिस-बदमाश मुठभेड़
बहादराबाद के दौलतपुर जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में मुदस्सिर नाम का आरोपी गोली लगने से घायल हुआ।
उसका साथी फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक दोनों बाइक मैकेनिक हैप्पी हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
रुद्रपुर में पिता पर गंभीर आरोप
ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की एक युवती ने अपने पिता पर लंबे समय से शारीरिक शोषण करने और विरोध करने पर हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मां के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की। एसपी क्राइम अनुष्का पटोला ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।


