क्राइम अपडेट: एक दिन, कई बड़े हादसे। नैनीताल में पर्यटक घायल, पीपलकोटी में मौतें, बलूनी की गाड़ी पर गिरा बोल्डर, और…

एक दिन, कई बड़े हादसे। नैनीताल में पर्यटक घायल, पीपलकोटी में मौतें, बलूनी की गाड़ी पर गिरा बोल्डर, और…

देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार को हादसों और आपराधिक घटनाओं से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आईं। नैनीताल के रामगढ़ में पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा, जबकि चमोली के पीपलकोटी टनल हादसे में सात लोगों की मौत के बाद रेस्क्यू अभियान जारी है।

इस हादसे का जायजा लेने जा रहे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की गाड़ी पर भी तोता घाटी के पास बोल्डर गिर गया, हालांकि वह बाल-बाल बच गए। वहीं किच्छा में बदमाशों ने एयरटेल पेमेंट बैंक के कलेक्शन एजेंट से 12.60 लाख रुपये लूट लिए।

हरिद्वार में मंदिर की दान राशि में कथित गबन के मामले में कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। रुद्रपुर में सड़क हादसे में घायल अभिषेक वाल्मीकि की मौत के बाद पुलिस ने अंतिम संस्कार को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

रामगढ़ में 100 फीट गहरी खाई में गिरा पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर

नैनीताल जिले के रामगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। हरियाणा, फरीदाबाद और दिल्ली के पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर पैराफिट तोड़कर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में करीब 22 पर्यटक सवार बताए जा रहे हैं।

गनीमत रही कि वाहन नीचे पेड़ों में जाकर अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बताया गया कि टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।

सूचना मिलते ही भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लगातार बारिश के बीच स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर घायलों को एक-एक कर बाहर निकाला। करीब 20 लोगों को घायल अवस्था में निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ पहुंचाया गया। इनमें से छह गंभीर घायलों को हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया।

वहीं एक यात्री वाहन के नीचे दबा बताया गया, जिसे निकालने के लिए कटर की मदद ली जा रही है। भवाली के सीओ रविकांत सेमवाल के अनुसार, वाहन यूपी नंबर का है और इसमें हरियाणा, फरीदाबाद और दिल्ली के यात्री सवार थे। हादसे में 20 यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जबकि एक यात्री वाहन के नीचे दबा था।

पीपलकोटी टनल हादसे में सात मौतें, तीन अब भी लापता

चमोली के पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की टीआरटी टनल में हुए हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद टनल में फंसे 22 लोगों में से 12 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन लोगों की तलाश अभी जारी है।

13 अगस्त की शाम करीब सात बजे मायापुर क्षेत्र में टनल के भीतर अचानक मलबा और पानी भर गया था। करीब तीन किलोमीटर लंबी टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण अंदर काम कर रहे मजदूर फंस गए थे। रेस्क्यू एजेंसियां लगातार अभियान चला रही हैं।

इस हादसे में टिहरी जिले के थौलधार ब्लॉक के गंवाल गांव निवासी 31 वर्षीय प्रदीप पंवार की भी मौत हुई है। प्रदीप की शादी इसी साल अप्रैल में हुई थी। शादी के महज कुछ महीने बाद हुई उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। कुछ समय पहले ही प्रदीप की मां का भी निधन हुआ था। परिवार में अब पत्नी, पिता, बड़ा भाई, भाभी और छोटा भाई हैं।

प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने प्रदीप पंवार की मौत पर शोक जताते हुए परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।

टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे अनिल बलूनी की गाड़ी पर गिरा बोल्डर

पीपलकोटी टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की गाड़ी पर ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे स्थित तोता घाटी के पास अचानक बोल्डर गिर गया। बोल्डर सीधे उनकी इनोवा गाड़ी के अगले हिस्से से टकराया। हादसे में वाहन का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन अनिल बलूनी समेत सभी लोग सुरक्षित रहे।

हादसे के बाद वाहन को श्रीनगर ले जाकर आवश्यक मरम्मत कराई गई। इसके बाद बलूनी दोबारा पीपलकोटी के लिए रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि बदरी-केदार की कृपा से सभी लोग सुरक्षित हैं और वाहन को थोड़ा नुकसान हुआ है।

किच्छा में कलेक्शन एजेंट से 12.60 लाख रुपये की लूट

उधम सिंह नगर के किच्छा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एयरटेल पेमेंट बैंक के कलेक्शन एजेंट से 12 लाख 60 हजार रुपये लूट लिए। घटना आठ अगस्त की बताई गई है, जबकि पीड़ित ने डर के कारण 13 अगस्त को पुलिस को तहरीर दी।

पीड़ित के मुताबिक वह अपने दो साथियों के साथ किच्छा स्थित स्वतंत्र माइक्रोफिन कार्यालय गया था, जहां से उसने 12.60 लाख रुपये कलेक्शन किए थे। रकम नीले रंग के बैग में रखकर तीनों बाइक से गांव लौट रहे थे।

गज्जन सिंह के खेत के पास सुनसान इलाके में छह-सात लोगों ने उनकी बाइक रुकवा ली। आरोप है कि बदमाशों ने पीड़ित के साथ मारपीट कर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर उसे और उसके बच्चों को गोली मारने की धमकी दी गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक से हाईवे की ओर फरार हो गए।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आरोपियों को इतनी बड़ी रकम की जानकारी कैसे मिली।

हरिद्वार में मंदिर की दान राशि में गबन का आरोप, चार पर केस

हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित नया हरिद्वार कॉलोनी के हरिहर बांके बिहारी मंदिर की दान राशि और नया हरिद्वार वेलफेयर सोसायटी के नाम पर एकत्र धनराशि में कथित गबन के मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की है।

शिकायतकर्ता सुधाकर सिंह का आरोप है कि नया हरिद्वार वेलफेयर सोसायटी का कार्यकाल 16 नवंबर 2019 को समाप्त हो गया था और इसके बाद न तो चुनाव हुआ और न ही सोसायटी का नवीनीकरण कराया गया। इसके बावजूद कुछ लोगों ने खुद को सोसायटी का पदाधिकारी बताते हुए मंदिर का प्रबंधन संभाल लिया और धनराशि एकत्र करना शुरू कर दिया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करीब 150 लोगों से मंदिर के रखरखाव और आयोजनों के नाम पर हर महीने 500 रुपये लिए जाते थे। इससे करीब 75 से 80 हजार रुपये प्रतिमाह एकत्र होने की बात कही गई है। इसके अलावा मंदिर की दान पेटियों से भी करीब 25 हजार रुपये प्रतिमाह मिलने का दावा किया गया है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि करीब 16 लाख रुपये एक खाते में जमा कर कथित तौर पर गबन किया गया। पुलिस से शिकायत के बाद कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

सड़क हादसे में घायल अभिषेक की मौत, अंतिम संस्कार को लेकर पुलिस अलर्ट

रुद्रपुर के काशीपुर रोड पर सात अगस्त को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक वाल्मीकि की उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्हें राम मूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने परिजनों को ऋषिकेश एम्स ले जाने की सलाह दी, लेकिन रास्ते में ही अभिषेक ने दम तोड़ दिया।

अभिषेक की मौत के बाद परिवार में मातम है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को ब्रीफ कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। गदरपुर, आईटीआई, काशीपुर और रुद्रपुर कोतवाली समेत विभिन्न थानों की पुलिस को तैनात किया गया है।

पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी भ्रामक सूचना पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।