कांग्रेस नेता और बेटे पर जमीन फर्जीवाड़े का आरोप, NBW के बाद भी फरार। घर पर चस्पा हुआ नोटिस
देहरादून। भूमि धोखाधड़ी के मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। रायपुर थाना पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के एक मामले में फरार चल रहे कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी, उनके बेटे हर्षवर्धन सिंह नेगी और मोहित कुमार के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई की।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के घरों और आसपास के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई और न्यायालय की ओर से जारी नोटिस चस्पा किए।
सवा बीघा जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, बनगांव निवासी और वर्तमान में केसर वाला में रहने वाले भानु प्रकाश भट्ट ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि सूरत सिंह नेगी, उनके बेटे हर्षवर्धन सिंह नेगी और मोहित कुमार ने मजरा जॉलियो में स्थित करीब सवा बीघा भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उसे शिकायतकर्ता समेत अन्य लोगों को बेचने का प्रयास किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह उक्त भूमि पर केयरटेकर के रूप में काम करते हैं। आरोप है कि आरोपियों ने भूमि पर लगी तारबाड़ को क्षतिग्रस्त कर अवैध कब्जे का प्रयास किया। इस दौरान शिकायतकर्ता के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए।
मामले में रायपुर थाने में बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338, 61(2), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
NBW जारी होने के बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू किए। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी, लेकिन तीनों आरोपी लगातार फरार रहे।
इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से तीनों आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) हासिल किया। NBW जारी होने के बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके। इसके बाद न्यायालय से बीएनएसएस की धारा 84 के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई के आदेश प्राप्त किए गए।
ढोल-नगाड़ों के साथ घर और सार्वजनिक स्थानों पर मुनादी
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मंगलवार, 11 अगस्त को रायपुर थाना पुलिस तीनों फरार आरोपियों के निवास स्थानों पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के घरों और आसपास के सार्वजनिक स्थानों व प्रमुख चौराहों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई।
पुलिस ने आरोपियों के मकान के मुख्य गेट और मोहल्ले के प्रमुख स्थानों पर न्यायालय की ओर से जारी उद्घोषणा के नोटिस भी चस्पा किए।
मुनादी के दौरान आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश होने की जानकारी दी गई। साथ ही न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं करने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी
रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि भूमि धोखाधड़ी के मामले में सूरत सिंह नेगी, हर्षवर्धन सिंह नेगी और मोहित कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। न्यायालय के आदेश के तहत उनके आवास और सार्वजनिक स्थानों पर उद्घोषणा के नोटिस चस्पा किए गए हैं।

