सोलर प्लांट फाइलों के बदले रिश्वत! UREDA अधिकारी विजिलेंस के ट्रैप में फंसा
बागेश्वर। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में विजिलेंस की टीम ने बागेश्वर में उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (UREDA) के परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी पर सोलर प्लांटों की Joint Inspection Report (JIR) से जुड़ी चार लंबित फाइलों को आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई।
24 जुलाई को विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। विजिलेंस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, अब आरोपी की कार्यप्रणाली, उसकी आय से अधिक संपत्ति, पूर्व में हुए कार्यों तथा अन्य संभावित भ्रष्टाचार के मामलों की भी गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में और अनियमितताएं सामने आती हैं तो संबंधित मामलों में भी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड में हाल के दिनों में विजिलेंस द्वारा लगातार की जा रही ट्रैप कार्रवाइयों को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान के रूप में देखा जा रहा है। सरकार और जांच एजेंसियों का कहना है कि रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।


