क्राइम अपडेट: हरिद्वार में एक दिन, कई बड़ी घटनाएं। हादसा, दुष्कर्म, नकली नोट गैंग और प्रशासन का एक्शन

हरिद्वार में एक दिन, कई बड़ी घटनाएं। हादसा, दुष्कर्म, नकली नोट गैंग और प्रशासन का एक्शन

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा से पहले हरिद्वार जिले में एक ओर जहां सड़क हादसे, गंभीर अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों ने चिंता बढ़ा दी है, वहीं पुलिस और प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई भी कर रहा है।

सोमवार को पथरी थाना क्षेत्र में पुलिस जांच से बचने की कोशिश के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया।

दूसरी तरफ हरिद्वार पुलिस ने पिछले 14 दिनों में नकली नोटों के दो बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पथरी क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के मामले में सात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

उधर कांवड़ यात्रा के मद्देनजर परिवहन विभाग ने मनमाना किराया वसूलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 वाहनों का चालान और 5 वाहन सीज किए हैं।

पथरी थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त के दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भागने लगा। उसका पीछा कर रहे कांस्टेबल सुशील के सामने कुछ ही दूरी पर भाग रहे युवक की दूसरी बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे से पहुंची पुलिसकर्मी की बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त होकर टकरा गई।

मृतकों की पहचान फेरूपुर निवासी मनोज कुमार और सहारनपुर निवासी अजय के रूप में हुई है। घायल कांस्टेबल सुशील को हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इसी बीच हरिद्वार पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने 2.92 लाख रुपये की नकली करेंसी, प्रिंटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, कार और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया कि गिरोह धार्मिक स्थलों और कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर नकली नोट बाजार में खपाने की तैयारी कर रहे थे। एक गिरोह के तार बिजनौर (उत्तर प्रदेश) और दूसरे के पंजाब से जुड़े मिले हैं।

उधर पथरी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला भी सामने आया है। आरोप है कि सात से आठ युवकों ने पहले किशोरी के मित्र के साथ मारपीट की, फिर किशोरी को खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की योजना बनाई।

किशोरी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

कांवड़ यात्रा से पहले श्रद्धालुओं से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों के बाद परिवहन विभाग ने भी सख्त अभियान चलाया। अधिकारियों ने आम यात्री बनकर ऑटो और ई-रिक्शा में सफर किया, जिसमें कई चालक निर्धारित किराए से अधिक वसूली करते मिले।

अभियान के दौरान 25 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 5 ऑटो और ई-रिक्शा सीज कर दिए गए।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों का आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांवड़ यात्रा के दौरान ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।