लापरवाही के आरोपों पर बड़ा एक्शन। हरिद्वार DPRO को पद से हटाया, जांच समिति गठित
हरिद्वार। Haridwar में कार्यों में कथित लापरवाही के आरोपों के बीच शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) अतुल प्रताप सिंह को उनके पद से हटा दिया है।
उन्हें पंचायती राज निदेशालय, देहरादून से संबद्ध किया गया है। इस संबंध में शासन ने आदेश जारी कर दिए हैं।
शासन ने हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा को डीपीआरओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। बताया जा रहा है कि अतुल प्रताप सिंह के खिलाफ कार्यों में लापरवाही को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
सूत्रों के अनुसार, हरिद्वार के कुछ लोगों ने शासन को शिकायती पत्र भेजे थे, जिनका संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक स्तर पर यह कार्रवाई की गई है। साथ ही शिकायतों की विस्तृत जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
शासन के आदेश के मुताबिक, समिति में संयुक्त सचिव ध्रुव मोहन सिंह राणा, पंचायती राज विभाग के संयुक्त निदेशक राजीव कुमार नाथ त्रिपाठी और वित्त नियंत्रक शशि सिंह को शामिल किया गया है।
यह समिति जल्द ही हरिद्वार जिले का दौरा कर शिकायतों की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा डीपीआरओ का कार्यभार संभालेंगे। माना जा रहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नए डीपीआरओ की नियुक्ति पर फैसला लिया जा सकता है।


