वीडियो: सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में हंगामा। पुलिस से अभद्रता, ऑडी कार सीज। तीन पर FIR

सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में हंगामा। पुलिस से अभद्रता, ऑडी कार सीज। तीन पर FIR

हरिद्वार। Haridwar में सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और लंबे सप्ताहांत के दौरान यातायात व्यवस्था में बाधा डालने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कथित अभद्रता के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।

देखें वीडियो:-

Kankhal पुलिस ने ऑडी कार में सवार महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए वाहन को सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 14 जून को सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड के चलते हरिद्वार में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की गई थी।

कनखल क्षेत्र के देशरक्षक तिराहे पर तैनात पुलिसकर्मी वाहनों को निर्धारित मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग की ओर भेज रहे थे। इसी दौरान एक ऑडी कार वहां पहुंची। आरोप है कि पुलिस द्वारा डायवर्जन योजना का पालन करने के लिए कहने पर कार में सवार दो पुरुष और एक महिला नाराज हो गए।

पुलिस का कहना है कि तीनों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के साथ बहस की, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और यातायात व्यवस्था बाधित कर दी। महिला पर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार करने का भी आरोप है।

घटना के चलते कुछ समय के लिए मौके पर जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई, लेकिन आरोप है कि कार सवार जाते समय पुलिसकर्मियों को धमकी देकर वहां से चले गए।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के उपरांत कनखल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और स्नान पर्व समाप्त होने के बाद आरोपियों तथा वाहन की तलाश शुरू की गई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए श्यामपुर क्षेत्र में ऑडी कार को रोककर सीज कर दिया। जांच में कार सवारों की पहचान क्षतिज बाली, उनकी पत्नी और संकेत बाली के रूप में हुई है। तीनों नई दिल्ली के उत्तम नगर स्थित वाणी विहार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन को सीज कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।