बिग ब्रेकिंग: UKSSSC का भर्ती कैलेंडर जारी! पुलिस समेत कई पदों पर भर्तियां, 23 नवंबर से स्केलर का फिजिकल

UKSSSC का भर्ती कैलेंडर जारी! पुलिस समेत कई पदों पर भर्तियां, 23 नवंबर से स्केलर का फिजिकल

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और विज्ञापनों का संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए अभ्यर्थियों को आगामी परीक्षाओं की तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग के नए कार्यक्रम के अनुसार वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों के लिए शारीरिक मापजोख एवं दक्षता परीक्षा 23 नवंबर से शुरू होगी, जबकि विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पदों की टंकण एवं आशुलेखन परीक्षा 22 नवंबर को आयोजित की जाएगी। वहीं, स्नातक स्तरीय अर्हता वाले नए पदों की विज्ञप्ति 30 नवंबर को जारी की जाएगी।

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पदों की टंकण एवं आशुलेखन परीक्षा 22 नवंबर को होगी। इसमें वैयक्तिक सहायक पद के लिए टंकण एवं आशुलेखन तथा सहायक समीक्षा अधिकारी पद के लिए टंकण परीक्षा आयोजित की जाएगी।

परीक्षा के प्रथम चरण में प्रवीणता सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा। आयोग ने संबंधित अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 17 नवंबर से अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए हैं।

यदि प्रथम चरण में पदों के सापेक्ष पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होते हैं तो प्रवीणता सूची के अनुसार अन्य अभ्यर्थियों को दूसरे चरण में बुलाया जाएगा।

स्केलर के 200 पदों के लिए 23 नवंबर से फिजिकल टेस्ट

वन विकास निगम के अंतर्गत स्केलर के 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए शारीरिक मापजोख एवं दक्षता परीक्षा 23 नवंबर से शुरू होगी।

अभ्यर्थी 17 नवंबर से आयोग की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र में निर्धारित परीक्षण स्थल पर तय तिथि और समय पर पहुंचना अनिवार्य होगा।

परीक्षा दो दिनों में संपन्न कराई जाएगी। पहले दिन सुबह सात बजे अभ्यर्थियों को परीक्षण केंद्र पर पहुंचना होगा। बायोमेट्रिक उपस्थिति के बाद शारीरिक मापजोख और दौड़ की परीक्षा होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को अगले दिन शॉट पुट, ऊंची कूद और लंबी कूद जैसी शारीरिक दक्षता परीक्षाओं में शामिल होना होगा।

आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे नेत्र परीक्षण की रिपोर्ट और प्रवेश पत्र के साथ जारी वचन पत्र का प्रारूप भरकर परीक्षण केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।

संबंधित सेवा नियमावली के अनुसार अभ्यर्थियों की दृष्टि में प्लस-माइनस 4.00 डायोप्टर से अधिक दोष नहीं होना चाहिए। शारीरिक मापजोख में छूट का लाभ लेने वाले पर्वतीय क्षेत्र के अभ्यर्थियों और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाण पत्र मूल रूप में प्रस्तुत करना होगा। इसकी एक छायाप्रति भी जमा करनी होगी।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र डाक या ई-मेल से अलग से नहीं भेजे जाएंगे। अभ्यर्थियों को वेबसाइट से ही प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रवेश पत्र पर बारकोड अंकित हो।

परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा। शारीरिक परीक्षण के दौरान मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के लिए जारी एडवाइजरी

शारीरिक दक्षता परीक्षा को देखते हुए आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें परीक्षा से पहले पर्याप्त अभ्यास करने, पिछली रात पूरी नींद लेने और भारी या तैलीय भोजन से बचने की सलाह दी गई है।

अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन पूरी तरह स्वस्थ रहने, दौड़ और अन्य इवेंट से पहले वार्मअप एवं स्ट्रेचिंग करने तथा परीक्षण केंद्र पर तैनात विशेषज्ञों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

आयोग ने शक्तिवर्धक दवाओं, ड्रग्स और अनावश्यक पेय पदार्थों का सेवन नहीं करने की भी हिदायत दी है। दौड़ या अन्य गतिविधियों के दौरान सीने में दर्द अथवा किसी तरह की परेशानी होने पर जबरदस्ती प्रदर्शन जारी न रखने और तत्काल मौके पर तैनात चिकित्सकों से संपर्क करने को कहा गया है।

दौड़ के दौरान शुरुआत धीमी गति से करने और धीरे-धीरे रफ्तार बढ़ाने की सलाह दी गई है। दौड़ पूरी होने के बाद अचानक रुकने के बजाय करीब 10 मिनट तक टहलने को कहा गया है।

आयोग ने जारी किया आगामी भर्तियों का कैलेंडर

आयोग ने आगामी भर्ती प्रक्रियाओं के लिए भी महत्वपूर्ण तिथियां घोषित की हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार वर्दीधारी पदों में पुलिस आरक्षी, पीएसी/आईआरबी आरक्षी, अग्निशामक, वन आरक्षी, स्पेशल टाइगर गार्ड, आबकारी सिपाही, परिवहन आरक्षी, बंदीरक्षक और सचिवालय रक्षक के पदों की विज्ञप्ति 17 नवंबर को जारी की गई है।

वर्दीधारी उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, प्लाटून कमांडर पीएसी/आईआरबी, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, उप निरीक्षक अभिसूचना और उप आबकारी निरीक्षक सहित विभिन्न पदों की विज्ञप्ति 25 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी।

वहीं, मानचित्रकार और प्रारूपकार सहित अन्य पदों की विज्ञप्ति 30 नवंबर को जारी होगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों में स्नातक स्तरीय अर्हता वाले पदों की नई विज्ञप्ति भी 30 नवंबर को जारी की जाएगी।

हाईकोर्ट के अधीनस्थ न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक और स्टेनोग्राफर पदों के लिए लिखित परीक्षा 20 दिसंबर को निर्धारित की गई है।

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे जारी परीक्षा कैलेंडर और प्रवेश पत्र में दिए गए दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें तथा निर्धारित तिथियों के अनुसार अपनी तैयारियां जारी रखें।