बिग ब्रेकिंग: मानसून से पहले एक्शन मोड में प्रशासन। 12 जेसीबी और 15 डम्परों से रिस्पना नदी की सफाई तेज़

मानसून से पहले एक्शन मोड में प्रशासन। 12 जेसीबी और 15 डम्परों से रिस्पना नदी की सफाई तेज़

देहरादून। राजधानी देहरादून की जीवनरेखा मानी जाने वाली रिस्पना नदी के पुनरुद्धार को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से अभियान तेज कर दिया है। मानसून से पहले नदी की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से प्रशासन युद्धस्तर पर काम कर रहा है।

बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजीव नगर क्षेत्र में रिस्पना नदी में चल रहे सफाई एवं पुनरुद्धार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर सौरभ थपलियाल और मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर सफाई कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून से पूर्व रिस्पना नदी की व्यापक सफाई जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि वर्षाकाल में जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और नदी संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके।

नगर निगम द्वारा मार्च से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक करीब 17 हजार मीट्रिक टन कूड़ा हटाया जा चुका है। निगम की ओर से बिंदाल नदी के लगभग 8 किलोमीटर और रिस्पना नदी के करीब 12 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा शहर के विभिन्न नदी-नालों और जलधाराओं की नियमित सफाई भी जारी है।

रिस्पना नदी के पुनरुद्धार के लिए नगर निगम ने 12 जेसीबी मशीनें और 15 डम्पर तैनात किए हैं। इनकी मदद से नदी क्षेत्र से कूड़ा, मलबा और अन्य अवरोधों को हटाया जा रहा है।

डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि नमामि गंगे और जिला स्वच्छता समिति के माध्यम से नदी संरक्षण और स्वच्छता के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके तहत नदी किनारे कूड़े के ढेर वाले स्थानों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर साफ किया जाएगा। साथ ही, नदी में गिरने वाले बिना उपचारित नालों के पानी के शोधन के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि रिस्पना नदी के पुनर्जीवन के लिए दीर्घकालिक और व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। जिला प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से नदी संरक्षण के लक्ष्य को हासिल किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों और सहयोग की सराहना करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय, एसएनएस राजवीर सिंह, तनवीर सिंह सहित नगर निगम और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।