नैनीताल, पौड़ी, टिहरी समेत 7 जिलों के CMO बदले। देखें लिस्ट….
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।
स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने सात जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार अल्मोड़ा में डॉ. योगेश पुरोहित, नैनीताल में डॉ. रश्मि पंत, पिथौरागढ़ में डॉ. हरीश चंद्र पंत, पौड़ी में डॉ. मेघना असवाल, रुद्रप्रयाग में डॉ. अमित कुमार शुक्ला, टिहरी में डॉ. राम प्रकाश तथा उत्तरकाशी में डॉ. श्याम विजय को मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लगातार चुनौतियां सामने आती रही हैं। ऐसे में सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रही है। इसी दिशा में इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई तैनातियों से संबंधित जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और शासन स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। नई नियुक्तियों से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

