सड़क हादसे, गुलदार का आतंक, कोकीन तस्कर गिरफ्तार और धर्मांतरण जांच में बड़े खुलासे। पढ़ें…I
देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार का दिन कई बड़ी घटनाओं के नाम रहा। एक ओर रुद्रप्रयाग में सड़क हादसे और पेड़ गिरने की घटनाओं ने लोगों को दहला दिया, वहीं पौड़ी में गुलदार के आतंक ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी।
दूसरी तरफ देहरादून पुलिस ने हाई-प्रोफाइल ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए कोबरा गैंग से जुड़े तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। वहीं राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की जांच में धर्मांतरण से जुड़े गंभीर आरोप भी सामने आए हैं।
रुद्रप्रयाग में आर्मी ट्रक और कार की टक्कर, पांच घायल
रुद्रप्रयाग के नरकोटा क्षेत्र में बुधवार दोपहर आर्मी ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
न्यू बस अड्डे में टला बड़ा हादसा
रुद्रप्रयाग के न्यू बस अड्डे क्षेत्र में वर्षों पुराना एक सूखा और जर्जर पेड़ अचानक टूटकर गिर गया। पेड़ का बड़ा हिस्सा बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरवान के वाहन पर जा गिरा, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वाहन में कोई सवार नहीं था और कोई जनहानि नहीं हुई।
पौड़ी में मुर्गी बाड़े में फंसा गुलदार
पौड़ी गढ़वाल के मासों तल्ला क्षेत्र में एक गुलदार मुर्गी बाड़े में फंस गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित कब्जे में ले लिया।
गुलदार ने बाड़े में फंसने के दौरान नौ मुर्गियों को अपना शिकार बनाया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गुलदारों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताई है।
देहरादून में कोबरा गैंग के तीन तस्कर गिरफ्तार
राजधानी देहरादून में राजपुर थाना पुलिस ने कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी नागरिकों समेत तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 20.92 ग्राम कोकीन बरामद हुई है, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार तस्कर हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की सप्लाई करने की तैयारी में थे। गिरफ्तार विदेशी आरोपी सूडान के निवासी बताए जा रहे हैं।
34 यात्रियों की जान बचाकर खुद शहीद हो गया चालक
चम्पावत जिले में टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोडवेज बस के ब्रेक फेल होने के बाद चालक बेनीराम ने अद्भुत साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने बस को नियंत्रित कर सड़क किनारे टकराकर रोक दिया, जिससे बस में सवार सभी 34 यात्रियों की जान बच गई।
हालांकि इस दौरान चालक बस से नीचे गिर गए और वाहन के पहिये के नीचे आने से उनकी मौत हो गई। उनकी बहादुरी की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
धर्मांतरण की आशंका पर आयोग की जांच तेज
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में संचालित एक संस्थान की जांच के दौरान उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को कई संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना ने दावा किया है कि प्रारंभिक जांच में संस्थान की गतिविधियां केवल शिक्षा और सामाजिक सेवा तक सीमित नहीं दिखीं।
दस्तावेजों में धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों और विदेशी फंडिंग के संकेत मिलने की बात कही गई है। मामले से जुड़े सभी दस्तावेज आगे की जांच के लिए पुलिस प्रशासन को सौंप दिए गए हैं।
इन घटनाओं ने एक बार फिर राज्य में सड़क सुरक्षा, वन्यजीव-मानव संघर्ष, नशा तस्करी और सामाजिक गतिविधियों की निगरानी जैसे मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

