बिग ब्रेकिंग: UKPSC ने जारी किए श्रुतलेखक संबंधी दिशा-निर्देश, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए अहम सूचना

UKPSC ने जारी किए श्रुतलेखक संबंधी दिशा-निर्देश, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए अहम सूचना

हरिद्वार। Uttarakhand Public Service Commission ने उत्तराखण्ड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग ‘समूह-ग’) सेवा परीक्षा-2025 के अंतर्गत दिव्यांग अभ्यर्थियों हेतु श्रुतलेखक (Scribe) सुविधा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा करने वाले अभ्यर्थियों को ही श्रुतलेखक की सुविधा अनुमन्य की जाएगी।

आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार विषयवार मुख्य लिखित (वस्तुनिष्ठ प्रकार) परीक्षा का आयोजन 9 मई 2026 को भौतिक शास्त्र, 10 मई 2026 को नागरिक शास्त्र, 30 मई 2026 को हिन्दी तथा 31 मई 2026 को इतिहास विषय के लिए किया जाएगा। परीक्षा हरिद्वार और हल्द्वानी स्थित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न होगी।

दो पालियों में होगी परीक्षा

  • प्रथम पाली : प्रातः 09:00 बजे से 12:00 बजे तक
  • द्वितीय पाली : अपराह्न 02:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक

आयोग ने बताया कि जिन दिव्यांग अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन पत्र में श्रुतलेखक सुविधा का विकल्प चुना है, उन्हें नियमानुसार यह सुविधा प्रदान की जाएगी। वहीं, स्वयं श्रुतलेखक लाने वाले अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा निर्धारित परिशिष्ट-4 एवं परिशिष्ट-5 के प्रपत्र पूर्ण रूप से भरकर जमा करने होंगे।

आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य

अभ्यर्थियों को श्रुतलेखक की दो पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षिक योग्यता संबंधी प्रमाणपत्र एवं निर्धारित प्रारूप में दिव्यांगता प्रमाणपत्र आयोग कार्यालय में जमा करना होगा।

दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि

  • 9 एवं 10 मई 2026 की परीक्षा हेतु : 28-29 अप्रैल 2026 तक
  • 30 एवं 31 मई 2026 की परीक्षा हेतु : 19-20 मई 2026 तक

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि आयोग से श्रुतलेखक उपलब्ध कराने का विकल्प चुनने वाले अभ्यर्थियों को हरिद्वार में परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा। ऐसे अभ्यर्थी परीक्षा से दो दिन पूर्व आयोग कार्यालय पहुंचकर श्रुतलेखक से मिल सकेंगे।

परीक्षा केंद्र परिवर्तन नहीं होगा

आयोग ने साफ कहा है कि परीक्षा केंद्र परिवर्तन संबंधी किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही, निर्धारित तिथि के बाद श्रुतलेखक सुविधा से संबंधित किसी भी प्रत्यावेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आयोग ने अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील की है। परिशिष्ट-4 एवं 5 के प्रारूप आयोग की आधिकारिक वेबसाइट⁠ http://psc.uk.gov.in⁠से डाउनलोड किए जा सकते हैं।