UKSSSC ने जारी की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची, अभ्यर्थियों को अलर्ट रहने की सलाह
देहरादून। Uttarakhand Subordinate Service Selection Commission (UKSSSC) ने प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय के अंतर्गत अनुदेशक संवर्ग भर्ती 2024 से संबंधित बड़ा अपडेट जारी किया है।
आयोग ने द्वितीय चरण की अभिलेख सन्निरीक्षा (Document Verification) के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट sss.uk.gov.in पर प्रकाशित कर दी है।
आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 55/उ०अ०से०च०आ०/2024 दिनांक 16 फरवरी 2024 के तहत अनुदेशक संवर्ग के कुल 370 पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इन पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा 20 नवंबर 2024 से 14 दिसंबर 2024 तक विभिन्न पालियों में आयोजित की गई थी।
334 अभ्यर्थियों की पहली सूची पहले ही हो चुकी थी जारी
लिखित परीक्षा के आधार पर आयोग ने उन अभ्यर्थियों की श्रेणीवार एवं उपश्रेणीवार औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी की थी। जिन्होंने ऑनलाइन माध्यम से NCIC (National Craft Instructor Certificate) प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया था।
कुल 370 रिक्तियों के सापेक्ष 334 अभ्यर्थियों की सूची विज्ञप्ति/चयन परिणाम संख्या 13/गोपन/2026-27 दिनांक 29 अप्रैल 2026 को जारी की गई थी। इन अभ्यर्थियों की अभिलेख सन्निरीक्षा 5 मई से 7 मई 2026 तक आयोग कार्यालय में संपन्न कराई गई।
अब जारी हुई द्वितीय चरण की सूची
आयोग ने अब दूसरे चरण की दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया के लिए नई औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ट्रेडवार चयनित अभ्यर्थियों की अभिलेख सन्निरीक्षा की तिथि जल्द ही वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर नजर रखने की सलाह
आयोग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट देखने की अपील की है, ताकि दस्तावेज सत्यापन से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं की जानकारी समय पर मिल सके।

