विशेष रिपोर्ट: कुमाऊं में वन्यजीवों का आतंक। गुलदार, बाघ और हाथी के हमलों से दहशत। दो की मौत

कुमाऊं में वन्यजीवों का आतंक। गुलदार, बाघ और हाथी के हमलों से दहशत। दो की मौत

देहरादून। उत्तराखण्ड के कुमाऊं क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है। नैनीताल और हल्द्वानी में सामने आई ताजा घटनाओं ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

भीमताल में गुलदार का बाइक पर हमला

नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र के खुटानी में एक गुलदार ने चलती बाइक पर अचानक हमला कर दिया। टक्कर के बाद गुलदार का पैर बाइक की चेन में फंस गया और वह बाइक के नीचे दबकर फंस गया।

बाइक सवार किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और भारी भीड़ जुट गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर गुलदार को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटी रही।

ज्यूलिकोट में बाघ ट्रेंक्यूलाइज, ग्रामीणों को राहत

नैनीताल जिले के ज्यूलिकोट क्षेत्र के ज्योली गांव में महिला को शिकार बनाने वाले हिंसक वन्यजीव के बाद से इलाके में भय का माहौल था। वन विभाग की टीम ने कई दिनों की तलाश के बाद एक वयस्क बाघ को ट्रेंक्यूलाइज कर कब्जे में ले लिया।

करीब तीन क्विंटल वजनी इस बाघ को पिंजरे में सुरक्षित रखने की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि अधिकारियों के अनुसार यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह बाघ पूर्व की सभी घटनाओं में शामिल था या नहीं।

हल्द्वानी में हाथी का हमला, दो की मौत

हल्द्वानी के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के टांडा वन रेंज में जंगली हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक आए हाथी ने दोनों को कुचल दिया।

मृतकों में एक की पहचान बांधो प्रजापति (75 वर्ष, झारखंड निवासी) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

प्रशासन की अपील

लगातार बढ़ रही घटनाओं के बीच वन विभाग और प्रशासन ने लोगों से जंगल क्षेत्रों में सतर्क रहने, अकेले न जाने और वन्यजीव दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। साथ ही प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया है।