प्रदेश में गर्मी का कहर। लू से बचाव के लिए स्कूलों को एडवायजरी जारी
- छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता, फर्स्ट एड से लेकर ड्रेस और पानी तक के दिए निर्देश
नैनीताल। नैनीताल जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों के लिए विशेष एडवायजरी जारी की है। भीषण गर्मी के कारण जहां लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
वहीं विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूलों को परिसर में फर्स्ट एड बॉक्स की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और दिन के समय आउटडोर गतिविधियों के बजाय इनडोर खेलों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थियों को ढीले, सूती और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर स्कूल आने की सलाह दी गई है, ताकि वे लू के प्रभाव से सुरक्षित रह सकें।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशों में सभी स्कूलों में स्वच्छ और ठंडे पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
साथ ही बच्चों में लू के लक्षण जैसे चक्कर आना, सिरदर्द, अत्यधिक कमजोरी, तेज बुखार और अधिक पसीना आने पर तुरंत प्राथमिक उपचार और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थियों को घर और स्कूल दोनों जगह पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया है। इसके अलावा कक्षा-कक्षों में पंखों, रोशनी और वेंटिलेशन की समुचित व्यवस्था रखने तथा तेज धूप के समय खिड़कियां और दरवाजे आवश्यकता अनुसार बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य शिक्षाधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने स्पष्ट किया कि सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के स्कूल समय में भी जल्द बदलाव किया जा सकता है, ताकि बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके।

