उत्तराखंड में एक दिन में कई बड़े हादसे। एक क्लिक में पढ़ें….
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के अतमलपुर बौंगला बाईपास के पास खेत में एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। मौके से शराब की बोतलें और मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जबकि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए जांच में जुटी है।
उत्तरकाशी। डुंडा तहसील के जुणगा गांव में देर रात भीषण आग लगने से एक आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। प्रशासन नुकसान का आकलन कर राहत देने की प्रक्रिया में जुटा है।
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के दौरान तिलवाड़ा-अगस्त्यमुनि हाईवे पर एक वाहन सवार द्वारा खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालान काटा।
साथ ही गौरीकुंड में नेपाली मजदूरों के सत्यापन को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक ने यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।
रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। जिले में एक ही दिन में पांच अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं, जिनमें ट्रक, खेत, झाड़ियों और कबाड़ में आग लगी। दमकल विभाग ने समय रहते सभी आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। बढ़ती गर्मी के बीच आग की घटनाओं को लेकर प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
रुद्रपुर। पतंग के मांझे से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जब अचानक मांझा उसके गले में फंस गया। हादसे के दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया, लेकिन पीछे से आ रही गाड़ी के समय पर रुकने से बड़ा हादसा टल गया। घायल युवक ने लोगों से सड़क किनारे पतंगबाजी से बचने की अपील की है।
पौड़ी (श्रीनगर)। अलकनंदा नदी में नहाते समय एनआईटी उत्तराखंड का एक छात्र तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अभी तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्रशासन ने नदी में उतरते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
पौड़ी। देवप्रयाग के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। सभी लोग मां चंद्रबदनी के दर्शन कर लौट रहे थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान लक्ष्मण सिंह रावत ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
रुद्रपुर। किच्छा-पंतनगर सड़क चौड़ीकरण के तहत प्रशासन ने 50 साल पुराने काली मंदिर को हटाया। मंदिर संचालकों की सहमति से मूर्ति को दूसरे स्थान पर स्थापित करने के बाद पुलिस की मौजूदगी में ढांचा हटाया गया, जिससे सड़क विस्तार कार्य में आ रही बाधा दूर हुई।
हरिद्वार। बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
दिल्ली। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जंतर-मंतर पर विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया और मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई। इस दौरान कांग्रेस नेता धीरेंद्र प्रताप को पुलिस ने हिरासत में लिया, जबकि प्रदर्शनकारियों ने न्याय में देरी पर सवाल उठाए।
हल्द्वानी। कोतवाली क्षेत्र में फायरिंग की घटना के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
विकासनगर। इंद्राकॉलोनी मेदनीपुर की गुर्जर बस्ती में भीषण आग लगने से छह कच्चे घर जलकर राख हो गए। आग में लाखों का सामान और नकदी नष्ट हो गई, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है।
हरिद्वार। राजाजी टाइगर रिजर्व के सुरेश्वरी देवी मंदिर में बिना अनुमति शादी समारोह आयोजित करने पर वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए व्यवस्थाएं हटवा दीं और संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप और गांधी कॉलोनी क्षेत्र से दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सक्रिय जेबकतरा गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नकदी और दस्तावेज बरामद हुए हैं।
उधम सिंह नगर। गदरपुर विधायक के पुत्र से जुड़े भूमि विवाद मामले में प्रशासन ने उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की है, जिसे 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
हरिद्वार। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने 85 नशा तस्करों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की है। इनमें से 25 को थाने बुलाकर सख्त चेतावनी दी गई और नियमित हाजिरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

