UKSSSC में प्रशासनिक बदलाव। सचिव व परीक्षा नियंत्रक को विदाई, नए अधिकारियों ने संभाला कार्यभार
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में सोमवार को प्रशासनिक फेरबदल के बीच भावनात्मक माहौल में विदाई एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया। आयोग में कार्यरत सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल और परीक्षा नियंत्रक हिमांशु कफल्टिया के स्थानांतरण पर उन्हें औपचारिक विदाई दी गई।
आयोग कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष जी एस मर्तोलिया और सदस्यों ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया। इस दौरान निवर्तमान अधिकारियों ने भी अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए।
वहीं, नए सचिव एन एस डुगंरियाल और परीक्षा नियंत्रक लक्ष्मीराज चौहान ने पदभार ग्रहण किया। आयोग की ओर से उनका स्वागत करते हुए अपेक्षा जताई गई कि वे पारदर्शिता और शुचिता के साथ आयोग के कार्यों का निर्वहन करेंगे।
नवागत अधिकारियों ने भी पूर्ण निष्ठा और मनोयोग से दायित्व निभाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में आयोग के सदस्य प्रताप सिंह शाह, एस एस सिंह रौतेला समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
आयोग में हुए इस बदलाव को प्रशासनिक निरंतरता और पारदर्शिता की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

