बिग ब्रेकिंग: खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई। डाबर हनी समेत कई ब्रांड फेल, ₹6.9 लाख जुर्माना

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई। डाबर हनी समेत कई ब्रांड फेल, ₹6.9 लाख जुर्माना

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में कई नामी ब्रांड्स के उत्पाद गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। कार्रवाई के तहत कुल 6 लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस सूची में Dabur India Limited का शहद (डाबर हनी) भी शामिल है।

लैब जांच में खुली पोल

खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लिए गए नमूनों की जांच रुद्रपुर स्थित सरकारी प्रयोगशाला में कराई गई। रिपोर्ट में कई उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता मानकों से कम पाए गए, जिसके बाद मामलों को न्यायिक प्रक्रिया में भेजा गया।

किन-किन पर हुई कार्रवाई

अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्याय निर्णायक अधिकारी) के न्यायालय ने जांच रिपोर्ट के आधार पर निम्न कार्रवाई की।

  • Dabur India Limited पर ₹4 लाख का जुर्माना
  • डाबर हनी के विक्रेता पर ₹30 हजार
  • DS Spiceco Private Limited (कैच मिर्च पाउडर) पर ₹50 हजार
  • अनुपजी प्रीमियम रस्क के विक्रेता पर ₹40 हजार और निर्माता पर ₹80 हजार
  • व्हाइट ओट्स के निर्माता पर ₹50 हजार का दंड

एक्सपायरी सामान पर भी शिकंजा

द्वाराहाट के एक खाद्य कारोबारी पर एक्सपायरी उत्पाद बेचने के मामले में ₹40 हजार का जुर्माना लगाया गया।

विभाग का सख्त संदेश

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। नियमित जांच और निगरानी के जरिए ऐसे मामलों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।