दिल्ली ब्लास्ट में बड़ा खुलासा। संदिग्ध i20 कार की CCTV फुटेज सामने, कई राज्यों में छापेमारी तेज
नई दिल्ली। राजधानी में लाल किले के पास हुए भीषण ब्लास्ट की जांच में बड़ी प्रगति हुई है। घटना में इस्तेमाल हुई हुंडई i20 कार (HR 26 CE 7674) की CCTV फुटेज सामने आई है, जिसमें ड्राइविंग सीट पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज कर दी है।
जांच में पता चला है कि कार को मो. उमर चला रहा था, जबकि वाहन का मालिक मो. सलमान है। पूछताछ में सलमान ने बताया कि उसने यह कार करीब डेढ़ साल पहले ओखला में देवेंद्र नाम के शख्स को बेच दी थी। बाद में यह कार अंबाला के जरिए पुलवामा में किसी तारिक नामक व्यक्ति को बेची गई।
सवाल खड़ा है कि आरटीओ रिकॉर्ड में कार अभी भी सलमान के नाम कैसे दर्ज है, जबकि मालिकाना हक कई बार बदला।
फरीदाबाद में 360 किलो RDX बरामद, डॉक्टर गिरफ्तार
दिल्ली ब्लास्ट से पहले ही हरियाणा के फरीदाबाद में डॉ. मुजम्मिल के घर से 360 किलो संदिग्ध RDX बरामद किया गया था। इसके अलावा फरीदाबाद, कश्मीर और सहारनपुर से 2923 किलो विस्फोटक और कई हथियार जब्त किए गए।
सोमवार को फरीदाबाद से ही 2563 किलो अमोनियम नाइट्रेट भी मिला। पुलिस ने डॉ. मुजम्मिल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी डॉ. उमर फरार बताया जा रहा है। यही नाम दिल्ली ब्लास्ट में भी सामने आया है।
जैश-ए-मोहम्मद से कनेक्शन की जांच
- सूत्रों के अनुसार संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध जैश-ए-मोहम्मद से होने की आशंका है।
- जांच के दौरान पुलिस सहारनपुर के मेडी केयर अस्पताल के डॉ. आदिल तक पहुंची और शक के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
- जम्मू-कश्मीर में अब तक 400 से अधिक संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है।
लाल किले के पास ब्लास्ट: 11 की मौत, 20 घायल
सोमवार शाम करीब 7 बजे लाल किले के पास मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-01 के पास धमाका हुआ। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हैं। इनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मॉड्यूल बड़ा, जांच जारी
मोदी सरकार में इसे अब तक का 8वां बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इसे बड़े नेटवर्क से जुड़ा मान रही हैं। कार की संदिग्ध खरीद-फरोख्त, विस्फोटक बरामदगी और डॉक्टरों के नेटवर्क से जुड़ाव यह सभी संकेत एक बड़े आतंकी मॉड्यूल की ओर इशारा कर रहे हैं। जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे की आशंका है।

