SGRR विश्वविद्यालय में हरेला पर्व पर चला पौधारोपण अभियान, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
देहरादून। उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक हरेला पर्व श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) में इस बार पर्यावरणीय संकल्प के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के NSS विंग द्वारा आयोजित विशेष पौधारोपण अभियान के माध्यम से छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
यह अभियान विश्वविद्यालय के कृषि क्षेत्र (पथरीबाग कैंपस) और मातावाला बाग में संपन्न हुआ, जहां विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, फैकल्टी सदस्यों, NSS समन्वयकों, डीन, निदेशकों, मुख्य प्रॉक्टर और प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कृषि संकायाध्यक्ष डॉ. कमला ध्यानी, डॉ. नवीन गौरव, रवींद्र कुमार एवं दोनों NCC विंग्स के ANO ने इस अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “हरेला सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति से प्रेम और संरक्षण का संकल्प है।” विश्वविद्यालय की यह हरित पहल युवाओं को प्रकृति से जोड़ने, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने और सतत विकास की दिशा में जागरूक करने की एक सराहनीय कोशिश है।
SGRR विश्वविद्यालय का यह प्रयास हरेला पर्व को केवल औपचारिकता से आगे ले जाकर एक जीवंत आंदोलन में बदलता है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित और सुरक्षित भविष्य का संदेश देता है।