अपडेट: प्रदेश में 27 से 30 अप्रैल तक रहेगी भीषण गर्मी। अलर्ट जारी

27 से 30 अप्रैल तक रहेगी भीषण गर्मी। अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मंगलवार को राजधानी देहरादून में तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। अधिकतम तापमान 37.8 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर में तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है।

वहीं पहाड़ी क्षेत्र मुक्तेश्वर में भी तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के मैदानी इलाकों में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पर्वतीय इलाकों में 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचने की संभावना है।

मौसम निदेशक बिक्रम सिंह का कहना है कि, 29 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो सकती है।

ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली की आशंका जताई गई है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।