दुःखद: गुलदार का शिकार बनी महिला

गुलदार का शिकार बनी महिला

 

टिहरी। कीर्तिनगर तहसील के अंतर्गत गुलदार ने एक महिला को मौत के घाट उतार दिया। वह जानवरों के लिए चारापत्ती लेने के लिए जंगल में गई थी। मिली जानकारी के अनुसार कीर्तिनगर तहसील के धारी गांव की कल्पेश्वरी देवी (45) पत्नी स्व. रमेश पांडे गुरुवार को चारापत्ती लेने के लिए जंगल गई हुई थी। जब वह अंधेरे होने तक भी घर नहीं आई तो परिजन उसे ढूंढने के लिए जंगल चले गए। साथ ही इसकी सूचना वन विभाग, पुलिस और तहसील प्रशासन को भी दे दी गई।

सूचना पर वन विभाग और ग्रामीणों ने आस-पास के जंगल में महिला को ढूंढा। वन क्षेत्राधिकारी देवेंद्र पुंडीर ने जानकारी देते हुए बताया कि, रात लगभग 9 बजे जंगल में महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दो शूटर धारी गांव में पहुंच गए हैं। इसके साथ ही गांव में पिंजरा भी लगाया गया है, ताकि गुलदार को पकड़ा जा सके। उल्लेखनीय है कि, क्षेत्र में पिछले तीन महीनों में यह चौथी घटना है।