घर में महिला को अकेला देख विद्युत कर्मचारी ने किया दुराचार

घर में महिला को अकेला देख विद्युत कर्मचारी ने किया दुराचार

 

– महिला की तहरीर पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

हल्द्वानी। हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र की महिला ने एक बिजली रीडर पर आरोप लगाया कि, दिसंबर 2018 में मीटर रीडिंग के दौरान महिला को अकेला पाकर आरोपी ने दुराचार किया था। साथ ही इस संबंध में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। कोतवाली में दी तहरीर में महिला ने बताया कि, 23 दिसंबर 2018 को आरोपी युवक उनके घर पर मीटर रीडिंग की बात कहकर आया। इसके बाद उसे घर में अकेला पाकर उसके साथ दुराचार किया।

साथ ही इस संबंध में किसी और से कहने पर परिवार को जान से मारने की भी धमकी दी। लोक लज्जा और परिवार को खतरे की आशंका में देखकर वह चुप रही। लेकिन फिर पिछले कुछ दिनों से आरोपी युवक फिर से उसे फोन और व्हाट्सएप पर मैसेज भेज अवैध संबंध बनाने के लिए कह रहा है। ऐसा नहीं करने पर उसे घर आकर जान से मारने की धमकी दे रहा है। इसके बाद उसने अपने पति को घटना के बारे में बताया।

गुरुवार को महिला अपने पति के साथ कोतवाली आई और आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की, लेकिन उसकी बात को हल्के में लेते हुए किसी ने ध्यान नहीं दिया। महिला का आरोप है कि, इस दौरान आरोपी की मां और उसका भाई वहां पर महिला व उसके पति को खरी-खोटी सुनाते रहे और पुलिस देखती रही। हालांकि एक दिन बाद शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संबंध में कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि, पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपी विपिन जोशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।