भाजपा ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में निकाली तिरंगा यात्रा रैली

भाजपा ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में निकाली तिरंगा यात्रा रैली

 

– भारी संख्या में भाजपाइयों ने एकजुट होकर दिखया शक्ति प्रदर्शन

देहरादून। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का देशभर में हो रहे विरोध के बीच देहरादून में रविवार को भाजपा और हिंदू संगठनों ने इसके समर्थन में तिरंगा यात्रा रैली निकाली। रैली के दौरान सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी। भाजपा कार्याकर्ताओं की शक्ति प्रदर्शन रैली में भीड़ जुटने से सड़कों पर चारों तरफ जाम लगा रहा।

 

बता दें कि, रैली परेड मैदान से चलकर एस्लेहॉल से होते हुए गांधी पार्क और पल्टन बाजार पहुंची। यहां प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी, सीएम योगी और अमित शाह के समर्थन में खूब नारे लगाए। उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद अजय भट्ट ने कहा कि, यह रैली केवल भाजपाइयों या हिंदू संगठनों की ही नहीं है। बल्कि इसमें आम जनता भी शामिल है। जनता पीएम मोदी के इस फैसले के साथ है। रैली में जुटी भीड़ इस बात की गवाह है।

इस दौरान सतर्कता बरतते हुए पुलिस ने भी कड़ी निगरानी बनाए रखी। रैली की ड्रोन कैमरे से निगरानी कराई गई। वीडियो कैमरों के अलावा दो ड्रोन कैमरे भी लगाए गए थे। रैली के चलते पूरे शहर में रूट डायवर्ट किया गया था। रिस्पना पुल, चकराता रोड, आशारोड़ी, राजपुर रोड, परेड ग्राउंड, रेंजर्स ग्राउंड से लेकर रायपुर रूट और आईएसबीटी से वाहनों के रूट बदलने से कई जगह खासा जाम लगा रहा। वहीं चप्पे-चप्पे पर ट्रैफिक पुलिस भी तैनात रही। रैली में भाजपाई बड़ी संख्या में शामिल हुए।

 

भाजपा द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा रैली में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल, राजपुर विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित हजारों की संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता ने एकजुटता के साथ रैली में सहयोग कर अपनी उपस्थिति दर्ज की।