Breaking: इस बार फिर दिल्ली को दहलाने की साजिश

इस बार फिर दिल्ली को दहलाने की साजिश

 

नई दिल्ली। आतंकवादियों के एक बार फिर नापाक मंसूबे जाहिर हुए हैं। इस बार दिवाली पर दिल्ली को दहलाने की साजिश रच रहे हैं। एनआईए ने इस आतंकी साजिश की जानकारी दी है। जिसके बाद खुफिया एजेंसियों और सुरक्षाबलों में हड़कंप मच गया है। बताया गया कि, आतंकी साजिश को अंजाम देने के लिए कई आतंकवादी दिल्ली में इकट्ठे हो रहे हैं। इनमें से कुछ पड़ोसी देश नेपाल और कुछ कश्मीर के रास्ते राजधानी में घुसने की फिराक में हैं।

 

एनआईए की रिकॉर्ड की गई आतंकवादियों की आपस में हुई बातचीत में इस खतरनाक साजिश का जिक्र हुआ है। आतंकियों ने बातचीत के दौरान कहा कि, इस बार दिवाली बड़ी धमाकेदार होगी। पूरा हिंदुस्तान याद रखेगा। आतंकियों ने कहा कि, वो अभी नेपाल जा रहे हैं। 17 अक्टूबर को दिल्ली में मिलेंगे, इस दौरान कुछ लोग कश्मीर से आ रहे हैं जो जल्दी ही पहुंचेंगे।

 

 

एनआईए के अनुसार आतंकी नेपाल के जरिए भारत में प्रवेश कर चुके हैं। इनकी संख्या पांच बताई जा रही है। यह गोरखपुर के जंगल रेलवे क्रॉसिंग के पास देखे गए हैं। बताया जा रहा है कि, पांचों आतंकी सफेद रंग की कार में हैं, और दिल्ली की तरफ बढ़ रहे हैं। इनके पास बड़ी संख्या में हथियार भी हैं।

 

 

एनआईए के अलर्ट के बाद सुरक्षाबलों और खुफिया एजेंसियों ने राजधानी दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी है। सभी सरकारी इमारतों और वीवीआईपी इलाकों में पुलिसबल के साथ सुरक्षाबल के जवान भी तैनात किए गए हैं। साथ ही खुफिया एजेंसियां बॉर्डर पर हो रही सभी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। दिल्ली की ओर आने वाले सभी रास्तों पर भी चेकपोस्ट बनाए गए हैं। माना जा रहा है कि, आने वाले दिनों में आतंकवादी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए राजधानी में घुसने की कोशिश कर सकते हैं।