New Update: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2027 का खाका तैयार, 1270 केंद्रों पर बैठेंगे 2.08 लाख परीक्षार्थी

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2027 का खाका तैयार, 1270 केंद्रों पर बैठेंगे 2.08 लाख परीक्षार्थी

रामनगर। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग ने परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर दिया है। प्रदेशभर में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए कुल 1270 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

इनमें 49 एकल और 1221 मिश्रित केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर 10वीं और 12वीं के कुल 2,08,424 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। परीक्षा व्यवस्था के लिहाज से 146 संवेदनशील और 5 अतिसंवेदनशील केंद्र भी चिह्नित किए गए हैं।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर की ओर से वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण संबंधी विज्ञप्ति जारी कर दी गई है।

23 नवंबर 2026 को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक में इस पर अंतिम निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय प्रसाद सेमवाल ने की।

हाईस्कूल के 1.09 लाख और इंटरमीडिएट के 99 हजार परीक्षार्थी

निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 1,09,282 और इंटरमीडिएट के 99,142 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस तरह प्रदेशभर में कुल 2,08,424 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा देंगे।

जनपदवार आंकड़ों के अनुसार टिहरी जिले में सबसे अधिक 136 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि चंपावत में सबसे कम 45 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

परीक्षार्थियों की संख्या के लिहाज से हरिद्वार जिला सबसे आगे है, जहां 48,320 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। वहीं चंपावत में सबसे कम 3,277 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

151 केंद्र संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में

परीक्षा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए 146 केंद्रों को संवेदनशील और 5 को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इसके अलावा स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली के तहत 15 नए परीक्षा केंद्रों को भी मंजूरी दी गई है। वर्ष 2026 की तुलना में 2027 की बोर्ड परीक्षा के लिए नौ केंद्र अधिक निर्धारित किए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों पर संसाधन और सुरक्षा व्यवस्था जांचने के निर्देश

बैठक के दौरान परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक भौतिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

साथ ही गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का भली-भांति परीक्षण कर इसकी रिपोर्ट परिषद कार्यालय को भेजी जाए।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों की सूची जल्द ही सभी जनपदों को उपलब्ध करा दी जाएगी। बैठक में अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा, गढ़वाल मंडल, संरक्षक मुख्य शिक्षा अधिकारी उत्तराखंड तथा परिषद कार्यालय से संयुक्त सचिव चतुर्भुज अवस्थी, प्रधान सहायक भूपेन्द्र सिंह और त्रिभुवन सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।