क्राइम रिपोर्ट: उत्तराखंड में हादसे, अपराध और राजनीति का संगम, एक दिन में कई बड़ी घटनाएं। आप भी पढ़ें….

उत्तराखंड में हादसे, अपराध और राजनीति का संगम, एक दिन में कई बड़ी घटनाएं। आप भी पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार का दिन हादसों, अपराध और राजनीतिक घटनाक्रमों के नाम रहा। हरिद्वार में नाले में बहकर लापता हुई 6 वर्षीय विधिका का शव 30 घंटे बाद बरामद हुआ तो वहीं देहरादून में दिनदहाड़े युवक पर फायरिंग से सनसनी फैल गई।

उत्तरकाशी में भतीजे द्वारा चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या का मामला सामने आया, जबकि हल्द्वानी में चर्चित शुद्धिकरण विवाद में पहली एफआईआर दर्ज होने के बाद सियासत गरमा गई। दूसरी ओर पौड़ी में सोशल मीडिया के जरिए लापता हुई नाबालिग को नोएडा से सकुशल बरामद किया गया।

हरिद्वार के रावली महदूद में सात सितंबर को उफनते नाले में बहकर लापता हुई छह वर्षीय विधिका को बचाया नहीं जा सका। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार तलाश में जुटी रही, लेकिन करीब 30 घंटे बाद बच्ची का शव रानीपुर क्षेत्र में नाले से बरामद हुआ। मासूम की मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

उधर राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी से जा रहे एक युवक पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए हमलावरों की तलाश में जुटी है। वहीं रायपुर क्षेत्र में चाकूबाजी के एक मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

नैनीताल जिले के कालाढूंगी में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान 80 वर्षीय बुजुर्ग इब्ने हसन की तहसील भवन की सीढ़ियों से गिरकर मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि नोटिस मिलने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान थे। घटना के बाद बुजुर्ग मतदाताओं के लिए सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण विवाद ने कानूनी रूप ले लिया है। अधिवक्ता अंजू की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मामले की जांच एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र को सौंपी गई है। पुलिस अब वायरल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगी।
उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड में भतीजे ने अपने चाचा करम चंद पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है। परिजनों ने पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया है।

इधर पौड़ी जिले में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक नाबालिग छात्रा के लिए मुसीबत बन गई। स्कूल जाने के लिए घर से निकली छात्रा लापता हो गई थी।

पुलिस ने सीसीटीवी, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे नोएडा से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।

कोटद्वार-पोखड़ा मार्ग पर चल रही रोडवेज बस में परिचालक के कथित रूप से शराब के नशे में बेसुध मिलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दूसरी बस की व्यवस्था कर यात्रियों को गंतव्य तक भेजा गया। घटना के बाद परिवहन निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

वहीं पिथौरागढ़ के बीडी पांडे जिला अस्पताल में पेइंग वार्ड के बेड पर आवारा कुत्ते के सोने का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खुल गई।

डीएम ने देर रात अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जहां कई कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले। तीन कर्मचारियों पर कार्रवाई और एक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

इसके अलावा हल्द्वानी के मंगल पड़ाव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से नकदी समेत मंदिर का चोरी किया गया सामान बरामद हुआ है।

राज्य में एक ही दिन सामने आई इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और राजनीतिक माहौल को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इन सभी मामलों में जांच और कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।