बैडमिंटन का विवाद बना खूनी खेल, 12 साल के बच्चे की मौत। हरिद्वार में सड़क पर बवाल, 9 गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर हुई दो घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और आपसी विवादों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ऊधम सिंह नगर के जसपुर में बैडमिंटन खेलने को लेकर बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान 12 वर्षीय बच्चे पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू का वार दिल के पास लगने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में सड़क पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और हंगामे का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात पुरुषों और दो महिलाओं समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
बैडमिंटन खेलने को लेकर हुआ विवाद, चाकू लगने से बच्चे की मौत
जसपुर में हुई घटना के मुताबिक, 12 वर्षीय बच्चा अन्य बच्चों के साथ बैडमिंटन खेल रहा था। इसी दौरान खेलने को लेकर बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर एक बच्चे ने 12 वर्षीय लड़के पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार उसके दिल के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में बच्चे को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब घटना में शामिल हमलावर की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हमलावर की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और हमलावर के पास चाकू कहां से आया।
सिडकुल में सड़क पर जंग का मैदान, 9 गिरफ्तार
दूसरी घटना हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र की है, जहां 27 अगस्त को किसी बात को लेकर महिला और पुरुषों के दो पक्षों में विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद सड़क पर पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर लात-घूंसे और बेल्ट तक चलने लगे। इस दौरान महिलाएं भी मारपीट में शामिल नजर आईं।
सड़क पर काफी देर तक हंगामा होने के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
शिकायत नहीं मिली, फिर भी पुलिस ने लिया संज्ञान
खास बात यह है कि मारपीट में शामिल दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई थी। हालांकि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरिद्वार पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और ऑपरेशन प्रहार के तहत आरोपियों की पहचान शुरू की।
पुलिस टीम ने वीडियो और आसपास से मिली जानकारी के आधार पर हंगामा करने वाले लोगों को चिह्नित किया। इसके बाद सात पुरुषों और दो महिलाओं समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी सिडकुल क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में रहते हैं और क्षेत्र की कंपनियों में काम करते हैं।
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर हुड़दंग कर आम लोगों की परेशानी बढ़ाने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवतियों को लेकर विवाद शुरू होने की बात कही जा रही है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही पूरे विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दोनों घटनाओं ने एक बार फिर दिखाया है कि मामूली विवाद किस तरह गंभीर हिंसा का रूप ले सकते हैं। जसपुर में जहां बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद एक मासूम की जान ले गया, वहीं हरिद्वार में सड़क पर हुई मारपीट ने सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।


