बिग ब्रेकिंग: पागल कुत्तों का आतंक। नारायणबगड़ में तीन दिन स्कूल बंद, ऑनलाइन पढ़ाई रहेगी जारी

पागल कुत्तों का आतंक। नारायणबगड़ में तीन दिन स्कूल बंद, ऑनलाइन पढ़ाई रहेगी जारी

रिपोर्ट- गिरीश चंदोला

नारायणबगड़। चमोली जिले में लगातार बारिश के बीच नारायणबगड़ क्षेत्र में अब पागल और आक्रामक कुत्तों का आतंक लोगों के लिए बड़ी चिंता बन गया है। कुत्तों के लगातार हमलों को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी, चमोली की ओर से जारी आदेश के अनुसार इस दौरान विद्यालय भौतिक रूप से बंद रहेंगे, लेकिन विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

बताया जा रहा है कि नारायणबगड़ क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से आवारा और आक्रामक कुत्तों का आतंक बढ़ा हुआ है। कुत्तों के हमलों में कई राहगीरों के घायल होने की सूचना है।

बाजार और आसपास के इलाकों में आवाजाही करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है।

वन विभाग ने शुरू किया अभियान

कुत्तों के बढ़ते आतंक को देखते हुए वन विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है। बुधवार को टीम ने नारायणबगड़ बाजार क्षेत्र में घूम रहे कुछ आवारा कुत्तों को पकड़कर कार्रवाई की। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर कुत्तों की तलाश और उन्हें पकड़ने का अभियान जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में एक-दो नहीं, बल्कि कई कुत्ते आक्रामक व्यवहार कर रहे हैं। इससे बाजार में रहने वाले लोगों के साथ राहगीरों और अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से कुत्तों के आतंक पर प्रभावी और स्थायी कार्रवाई की मांग की है।

अचानक क्यों बढ़ा कुत्तों का आतंक?

क्षेत्र में अचानक पागल और आक्रामक कुत्तों की संख्या बढ़ने के कारणों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल प्रशासन और वन विभाग की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों में तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है, जबकि विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।