वीडियो: चलती आल्टो कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

चलती आल्टो कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

जौलीग्रांट। देहरादून रोड पर मंगलवार शाम एक चलती आल्टो कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

देखें वीडियो:-

सूचना मिलने के महज 11 मिनट के भीतर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जबकि दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था।

जानकारी के अनुसार, आल्टो कार (UK07BG0219) के चालक हिमांशु जोशी, पुत्र नरेश चंद्र जोशी, निवासी 14/1 डालनवाला, देहरादून, मंगलवार शाम जॉलीग्रांट से अपने घर लौट रहे थे।

शाम करीब 7:30 बजे मणिमाई मंदिर से लगभग 200 मीटर आगे देहरादून रोड पर पहुंचते ही कार के अगले हिस्से से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। उस समय कार में हिमांशु अकेले सवार थे।

घटना की सूचना पुलिस को शाम 7:34 बजे मिली। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल दिनेश रावत और हेड कांस्टेबल जसपाल पवार तत्काल मौके के लिए रवाना हुए और 7:45 बजे घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।