पहाड़ों में दरकती सड़कें, गिरते बोल्डर और हाई अलर्ट पर जिला प्रशासन
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नैनीताल, रुद्रप्रयाग और मसूरी में भूस्खलन तथा बोल्डर गिरने की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
नैनीताल में सड़क की सुरक्षा दीवार ढहकर घरों तक पहुंच गई, जबकि केदारनाथ पैदल मार्ग भारी मलबे के कारण कई घंटों तक बंद रहा। वहीं मसूरी-देहरादून मार्ग पर पहाड़ी से मलबा और विशाल पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर है तथा 24 घंटे निगरानी के साथ राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
नैनीताल में मंगलवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद धूपकोठी क्षेत्र में सड़क की सुरक्षा दीवार भरभराकर गिर गई। मलबा और बड़े पत्थर नीचे बने मकानों तक पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने रात में ही बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन में होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और दीवार के पुनर्निर्माण की तैयारी में जुट गई है।
रुद्रप्रयाग जिले में गौरीकुंड से आगे छौड़ी क्षेत्र में भारी भूस्खलन के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से यात्रियों की आवाजाही रोक दी।
डीडीआरएफ, पुलिस और मजदूरों की टीम ने करीब आठ घंटे तक लगातार राहत कार्य चलाकर मार्ग से बोल्डर और मलबा हटाया, जिसके बाद यात्रा दोबारा शुरू कराई गई। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम को देखते हुए पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाला बैंड के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दूध, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हुई। पीडब्ल्यूडी ने जेसीबी की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर देहरादून जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की निगरानी में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) 24 घंटे सक्रिय है।
क्विक रिस्पांस टीम (QRT) संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रख रही है और जलभराव, भूस्खलन व अन्य आपदा संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है।
तहसील कन्ट्रोल रूम जनपद देहरादून
- तहसील कंट्रोल रूम कॉन्टैक्ट नंबर
- तहसील सदर 8267062618
- तहसील डोईवाला 0135 2695888, 8171416704
- तहसील चकराता 7300567208
- तहसील विकासनगर 7579466335
- तहसील ऋषिकेश 0135 2436212
- तहसील कालसी 9456739919
- तहसील त्यूनी 8755 398 730
जिला प्रशासन द्वारा 0135-2626066, 2726066, टोल फ्रीनंबर -1077 और व्हाट्स अप नो. 7534826066 जारी किए है।


