देहरादून में सजेगा साहित्य और कला का महाकुंभ, 26-27 सितंबर को जुटेंगी देश की नामचीन हस्तियां
- ‘द लिटरेरी टेबल’ लिटरेचर एंड आर्ट्स फेस्टिवल में बाची करकारिया, देवदत्त पटनायक समेत कई चर्चित लेखक होंगे शामिल
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 26 और 27 सितंबर को आयोजित होने जा रहे दो दिवसीय ‘द लिटरेरी टेबल’ लिटरेचर एंड आर्ट्स फेस्टिवल में देश की कई प्रतिष्ठित साहित्यिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक हस्तियां शिरकत करेंगी।
फेयरफील्ड बाय मैरियट, देहरादून में आयोजित होने वाला यह आयोजन लेखक-पाठक संवाद को बढ़ावा देने और साहित्य व कला के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में फेस्टिवल की निदेशक डॉ. आलोका दास गुप्ता नियोगी ने बताया कि आरोग्य वेलबीइंग ट्रस्ट की पहल ‘द लिटरेरी टेबल’ लेखकों और पाठकों को एक साझा मंच प्रदान करती है।
इस वर्ष का फेस्टिवल देश के कुछ सबसे सम्मानित लेखकों, विचारकों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने जा रहा है।
पहले दिन होंगे आठ विशेष सत्र
डॉ. नियोगी ने बताया कि फेस्टिवल का उद्घाटन 26 सितंबर को दोपहर 1 बजे होगा। पहले दिन आठ अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें साहित्य, इतिहास, पौराणिक कथाओं, समाज और समकालीन विषयों पर चर्चा होगी।
देश के चर्चित लेखक और विशेषज्ञ होंगे शामिल
फेस्टिवल में शामिल होने वाली प्रमुख हस्तियों में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक बाची करकारिया, पौराणिक कथाकार देवदत्त पटनायक, लेखक एवं शोधकर्ता चंद्रचूड़ घोष, लेखक और शोधकर्ता अनुज धर, पूर्व डीजीपी अशोक कुमार, लेखिका डॉ. शालिनी मलिक, लेखक एवं प्रकाशक अजिताभ एम. बोस, डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर रॉबिन रॉय, बेस्टसेलिंग लेखक तरुण महर्षि, लेखिका एवं मनोवैज्ञानिक समृद्धि गुलाटी, लेखिका अनीता शर्मा, लेखक शुभोब्रत मजूमदार, मोना वर्मा तथा डॉ. आलोका दास गुप्ता नियोगी शामिल हैं।
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध लेखक और भारतीय रिजर्व बैंक, झारखंड के क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन अनिमेष मौजूद रहेंगे।
ये होंगे मुख्य आकर्षण
फेस्टिवल के प्रमुख आकर्षणों में बाची करकारिया और देवदत्त पटनायक द्वारा संपादित पुस्तक ‘वॉटरनमः’ पर चर्चा, ‘द लिटरेरी टेबल’ स्मारिका के तीसरे संस्करण का विमोचन तथा रॉबिन रॉय की चर्चित डॉक्यूमेंट्री ‘Embers of Hope’ की स्क्रीनिंग शामिल है। इस डॉक्यूमेंट्री को अभिनेत्री जीनत अमान ने अपनी आवाज दी है।
इसके अलावा विभिन्न सत्रों का संचालन पूजा खन्ना, डॉ. रूबी गुप्ता, मेजर जनरल आनंद रावत, जसलीन कौर, जूही खन्ना, क्रीति अहलावत, जयश्री बनर्जी, गुंजन कवात्रा बलूजा सहित कई विशेषज्ञ करेंगे। कार्यक्रम का संचालन मनु आहूजा करेंगे।
उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे कई विशिष्ट अतिथि
26 सितंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह में हिमालय वेलनेस के डॉ. फारूक, दृष्टि आई हॉस्पिटल के डॉ. गौरव लूथरा, डीपीएस भागलपुर के चेयरमैन राजेश श्रीवास्तव, ओएनजीसी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नेबुला बागची और आर.एस. नारायणी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
यह दो दिवसीय आयोजन साहित्य, कला, संस्कृति और विचारों के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण मंच बनने जा रहा है, जहां देहरादून के साहित्य प्रेमियों को देश की प्रतिष्ठित हस्तियों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।


