बिग ब्रेकिंग: UKSSSC ने पटवारी-लेखपाल भर्ती की मेरिट सूची की जारी, 6 अगस्त से होगी शारीरिक परीक्षा

UKSSSC ने पटवारी-लेखपाल भर्ती की मेरिट सूची की जारी, 6 अगस्त से होगी शारीरिक परीक्षा

देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा-2025 के तहत राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) एवं राजस्व उपनिरीक्षक (लेखपाल) पदों के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है।

आयोग ने शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा (PST/PET) के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची (Provisional Merit List) और लिखित परीक्षा की संशोधित उत्तर-कुंजी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी है।

आयोग के अनुसार, विज्ञापन संख्या 70/उ०अ०से०च०आ०/2025 दिनांक 09 अप्रैल 2025 के तहत विभिन्न विभागों में 416 स्नातक स्तरीय रिक्त पदों पर भर्ती निकाली गई थी। इन पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा 14 जून 2026 को आयोजित की गई थी।

लिखित परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन में दिए गए विवरण, पात्रता और प्राप्त अंकों की श्रेष्ठता के आधार पर रिक्त पदों के चार गुना अनुपात में पटवारी एवं लेखपाल पदों के लिए शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा हेतु औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी की गई है।

आयोग ने बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) एवं राजस्व उपनिरीक्षक (लेखपाल) पदों की शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा (PST/PET) 6 अगस्त 2026 से प्रस्तावित है।

परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम, प्रवेश पत्र और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी किए जाएंगे।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि शारीरिक परीक्षा पूरी होने के बाद विज्ञापन में शामिल सभी 416 पदों के लिए अभिलेख सत्यापन (Document Verification) हेतु औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी की जाएगी।

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नवीनतम अपडेट के लिए समय-समय पर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट http://www.sssc.uk.gov.in⁠ का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।