SDO गिरफ्तार, डंपर हादसे में दो की मौत, तलवार से हमला, केदारनाथ में रेस्क्यू, हत्या और….
देहरादून। उत्तराखंड में गुरुवार को अपराध, सड़क हादसों और राहत-बचाव से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आईं। देहरादून में वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल को शादी का झांसा देकर यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वहीं रुद्रप्रयाग में फाटा-बड़ासू मार्ग पर एक डंपर गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। उधम सिंह नगर के बाजपुर में दिल्ली से पहुंची नशा मुक्ति केंद्र की टीम पर युवक ने तलवार से हमला कर दिया, जिसमें टीम के एक सदस्य की मौत हो गई।
दूसरी ओर केदारनाथ पैदल मार्ग पर खाई में गिरे युवक को एसडीआरएफ ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि देहरादून के डोईवाला में प्रेम प्रसंग के विवाद में बीएसएफ जवान पर प्रेमिका को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगा है।
देहरादून के चकराता क्षेत्र में अवैध खनन के मामलों को लेकर चर्चा में रहे वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल को विकासनगर पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर गिरफ्तार किया है।
युवती ने आरोप लगाया कि राजीव नयन ने अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर शादी का झांसा दिया और फर्जी दस्तावेज दिखाकर उसका यौन शोषण किया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
रुद्रप्रयाग जिले में फाटा–बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के पास डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर सवार दो लोगों की मौत हो गई।
एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की संयुक्त टीम ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर शवों को बाहर निकाला। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
उधम सिंह नगर के बाजपुर के मुंडिया पिस्तौर गांव में दिल्ली से नशा मुक्ति केंद्र की टीम एक युवक को उपचार के लिए लेने पहुंची थी।
इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे टीम के एक सदस्य की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हरिद्वार के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति पर तीन तलाक देने, दहेज उत्पीड़न, मारपीट और दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वहीं कलियर क्षेत्र में एक व्यक्ति के लापता होने की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर गौरीकुंड से आगे छोड़ी के पास 25 वर्षीय युवक गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। युवक की पहचान मोहित रावत निवासी रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।
उधर, देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में एक होमस्टे से 40 वर्षीय महिला का शव मिलने और बीएसएफ के एक जवान के गंभीर हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे।
मृतका के पति की शिकायत पर बीएसएफ जवान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है।

