बिग ब्रेकिंग: भ्रष्टाचार पर प्रहार, 3500 रुपये लेते नायब नाजिर रंगे हाथों गिरफ्तार

भ्रष्टाचार पर प्रहार, 3500 रुपये लेते नायब नाजिर रंगे हाथों गिरफ्तार

हल्द्वानी। ऊधम सिंह नगर के बाजपुर स्थित सिविल कोर्ट (जूनियर डिवीजन) में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को हल्द्वानी विजिलेंस की टीम ने ₹3500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि उसने कोर्ट में विचाराधीन एनआई एक्ट के एक मामले में राजीनामा दाखिल कराने के दौरान कोर्ट फीस के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।

विजिलेंस के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी से शिकायत कर बताया था कि उसका दूसरे पक्ष के साथ समझौता हो चुका है, लेकिन राजीनामा दाखिल करने के लिए नायब नाजिर ओम चौहान ₹3500 रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।

प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। 16 जुलाई 2026 को विजिलेंस टीम ने बाजपुर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय स्थित कार्यालय में आरोपी ओम चौहान को शिकायतकर्ता से ₹3500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी ओम चौहान, पुत्र वीरेंद्र सिंह, ग्राम निवाड़मुंडी, पोस्ट एवं थाना जसपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर का निवासी है। विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अग्रिम विवेचना व विधिक कार्रवाई जारी है।

विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति रिश्वत मांगने या भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज करा सकता है, ताकि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।