राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर अभाविप का भव्य आयोजन, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ मंथन

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर अभाविप का भव्य आयोजन, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ मंथन

देहरादून। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) देहरादून महानगर इकाई ने संगठन के स्थापना दिवस के अवसर पर उत्साहपूर्वक राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस मनाया। इस अवसर पर आयोजित भव्य विचार गोष्ठी में राष्ट्र निर्माण, छात्र शक्ति और देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार की राज्य मंत्री मधु भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि अभाविप उत्तराखंड के केंद्रीय विश्वविद्यालय कार्य प्रमुख डॉ. अभिषेक पांडे ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में महानगर मंत्री आयुषी पैन्यूली, कॉलेज इकाई मंत्री नितिन रावत, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुमित कुमार, विभाग संगठन मंत्री प्रमेश जोशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राज्य मंत्री मधु भट्ट ने कहा कि अभाविप केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और संस्कारों की पाठशाला है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता डॉ. अभिषेक पांडे ने कहा कि अभाविप सात दशकों से अधिक समय से ‘छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है’ के मूल मंत्र के साथ राष्ट्र पुनर्निर्माण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी ऊर्जा और क्षमता का योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

महानगर मंत्री आयुषी पैन्यूली ने कहा कि स्थापना दिवस को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है और संगठन छात्र हितों की रक्षा तथा परिसर में राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।

वहीं नितिन रावत ने कहा कि विचार गोष्ठी से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली है और वे संगठन के विचारों को प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण और छात्र हितों के लिए समर्पित होकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।