New Update: WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी, अब नंबर छिपाकर भी कर सकेंगे चैट

WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी, अब नंबर छिपाकर भी कर सकेंगे चैट

  • यूजर्स अब पहले से रिजर्व कर सकेंगे अपना यूनिक यूजरनेम, स्पैम और अनचाहे मैसेज पर भी लगेगी रोक

हैदराबाद। इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने अपने यूजर्स की प्राइवेसी को और मजबूत बनाने के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है।

नए Username फीचर के जरिए अब यूजर्स बिना अपना मोबाइल नंबर साझा किए भी दूसरे लोगों से चैट कर सकेंगे। कंपनी ने इस फीचर का चरणबद्ध (फेज़वाइज) रोलआउट शुरू कर दिया है और यूजर्स को पहले से अपना पसंदीदा यूजरनेम रिजर्व करने की सुविधा भी दी है।

WhatsApp ने अपने आधिकारिक ब्लॉग में बताया कि यह फीचर आने वाले महीनों में सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। कंपनी के अनुसार, दुनिया भर में उसके तीन अरब से अधिक यूजर्स हैं, इसलिए यूनिक यूजरनेम सुनिश्चित करने के लिए पहले से रिजर्वेशन की सुविधा शुरू की गई है।

ऐसे करें WhatsApp यूजरनेम रिजर्व

यूजरनेम रिजर्व करने के लिए सबसे पहले WhatsApp को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करें। इसके बाद Settings > Account > Username में जाकर अपनी पसंद का यूजरनेम उपलब्ध है या नहीं, यह जांच सकते हैं। यदि चुना गया यूजरनेम पहले से किसी अन्य यूजर ने ले लिया है, तो WhatsApp वैकल्पिक यूनिक यूजरनेम भी सुझाएगा।

फिलहाल यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से जारी की जा रही है। भारत में एंड्रॉयड यूजर्स के लिए यह फीचर उपलब्ध होना शुरू हो गया है, जबकि iOS यूजर्स को इसके लिए कुछ समय और इंतजार करना पड़ सकता है।

मोबाइल नंबर रहेगा सुरक्षित

इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहली बार किसी से बातचीत करते समय यूजर्स अपना मोबाइल नंबर साझा करने के बजाय केवल यूजरनेम का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, WhatsApp अकाउंट के लिए मोबाइल नंबर सक्रिय रहना अनिवार्य होगा।

स्पैम और अनचाहे मैसेज पर लगेगी रोक

WhatsApp ने स्पष्ट किया है कि अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की तरह कोई सार्वजनिक Username Directory नहीं बनाई जाएगी।

किसी यूजर से संपर्क करने के लिए उसका सही यूजरनेम पहले से पता होना जरूरी होगा। कंपनी का कहना है कि इससे स्पैम और अनचाहे संदेशों में कमी आएगी और यूजर्स को अपनी प्राइवेसी पर पहले से अधिक नियंत्रण मिलेगा।