बिग ब्रेकिंग: भ्रष्टाचार पर विजिलेंस का बड़ा प्रहार। 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ धरा गया जेई

भ्रष्टाचार पर विजिलेंस का बड़ा प्रहार। 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ धरा गया जेई

हल्द्वानी/काशीपुर। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस की हल्द्वानी ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधम सिंह नगर जिले में तैनात एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी पर ठेकेदार के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, जसपुर क्षेत्र के एक पंजीकृत ठेकेदार ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर **1064** पर शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि ब्लॉक जसपुर में वाटर कूलर लगाने का कार्य पूरा करने के बावजूद भुगतान जारी करने के बदले कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। वहीं ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर पर भी 12 हजार रुपये की मांग करने का आरोप लगाया गया।

शिकायत की गोपनीय जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने योजना बनाकर ऊधम सिंह नगर के कुंडा क्षेत्र में जाल बिछाया। जैसे ही कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार ने ठेकेदार से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शिकायत में नामजद अन्य अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

विजिलेंस विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1064 या विजिलेंस के अन्य माध्यमों से दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।