जन्मदिन पर मातम! जसपाल राणा की मां श्यामा देवी राणा का निधन
देहरादून। विश्वविख्यात निशानेबाज और द्रोणाचार्य सम्मानित दिवंगत कोच जसपाल राणा के परिवार पर दुखों का एक और पहाड़ टूट पड़ा है। जसपाल राणा की मां श्यामा देवी राणा का सोमवार को नई दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 78 वर्ष की थीं और लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं।
श्यामा देवी राणा पिछले कई दिनों से नई दिल्ली के आरआर अस्पताल में भर्ती थीं, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। सबसे भावुक संयोग यह रहा कि जिस दिन उनका निधन हुआ, उसी दिन उनके दिवंगत बेटे जसपाल राणा का जन्मदिन भी था। इस घटना ने पूरे परिवार और उनके शुभचिंतकों को गहरे शोक में डुबो दिया।
परिवार के लिए यह लगातार दूसरा बड़ा आघात है। महज 16 दिन पहले ही विश्वविख्यात निशानेबाज और द्रोणाचार्य सम्मानित कोच जसपाल राणा का निधन हुआ था। बेटे के निधन के गम से उबर भी नहीं पाया था कि अब मां श्यामा देवी राणा के निधन ने परिवार को फिर शोक में डुबो दिया।
श्यामा देवी राणा अपने पीछे एक ऐसा परिवार छोड़ गई हैं, जिसने देश को खेल जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके निधन की खबर मिलते ही खेल जगत, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
श्यामा देवी राणा का अंतिम संस्कार परिवार की उपस्थिति में किया जाएगा। उनके निधन से खेल जगत और राणा परिवार के शुभचिंतकों में शोक की लहर है।


