बड़ी खबर: देहरादून में घर में घुसकर एडवोकेट की गोली मारकर हत्या, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

देहरादून में घर में घुसकर एडवोकेट की गोली मारकर हत्या, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित शिमला रोड के बुड्ढी गांव में देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अज्ञात बदमाशों ने घर के भीतर एडवोकेट सोहेल की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय एडवोकेट सोहेल अपने घर के एक कमरे में मौजूद थे, जबकि उनका भाई दूसरे कमरे में खाना खा रहा था। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर वह बाहर पहुंचे तो सोहेल लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़े मिले। गंभीर चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।

हत्या से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को शिमला बाईपास रोड पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। अधिकारियों के समझाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून परमेंद्र सिंह डोभाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को जल्द से जल्द मामले के खुलासे के निर्देश दिए।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने एडवोकेट सोहेल को गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने यह भी संकेत दिए हैं कि सड़क जाम करने वाले प्रदर्शनकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।