श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय ने कर्मयोगी बीसी खण्डूड़ी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
देहरादून। Shri Guru Ram Rai University परिवार ने उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता B. C. Khanduri के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
विश्वविद्यालय परिवार ने कहा कि मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भूवन चन्द्र खण्डूड़ी का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन, ईमानदारी और जनकल्याण को समर्पित रहा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डाॅ.) के. प्रतापन ने कहा कि मेजर जनरल खण्डूड़ी एक कर्मयोगी, दूरदर्शी एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाले जननेता थे।
उनका व्यक्तित्व सादगी, अनुशासन और सेवा भाव का अद्भुत संगम था। एसजीआरआर परिवार ने उन्हें “जननायक” बताते हुए शत-शत नमन किया।
विश्वविद्यालय परिवार ने बताया कि मेजर जनरल खण्डूड़ी का दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज से विशेष आत्मीय जुड़ाव था।
वे समय-समय पर स्वयं श्री दरबार साहिब पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी लेते थे तथा जनहित और सेवा कार्यों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करते थे। उनकी संवेदनशीलता, सहजता और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
एसजीआरआर एजुकेशन मिशन ने कहा कि मेजर जनरल खण्डूड़ी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा और सेवा कार्यों को निरंतर प्रोत्साहित किया।
वे संस्थान द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते थे। उनका मार्गदर्शन और स्नेह संस्थान परिवार के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
मेजर जनरल भूवन चन्द्र खण्डूड़ी वर्ष 2007 में पहली बार उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री बने और मार्च 2007 से जून 2009 तक राज्य का नेतृत्व किया। इसके बाद वर्ष 2011 में उन्होंने पुनः मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।
अपने कार्यकाल में उन्होंने पारदर्शिता, सुशासन और विकास को नई दिशा दी। वे एक अनुशासित सैनिक, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी राजनेता के रूप में सदैव याद किए जाएंगे।
एसजीआरआर परिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए उन्हें श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता के साथ शत-शत नमन किया।

