बारिश, बर्फबारी और तूफानी हवाओं से बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग अलर्ट जारी
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं मैदानी जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क बना रहने का अनुमान है।
हालांकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने से गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और शाम का मौसम सुहावना रहेगा।
अगले तीन दिन का मौसम अपडेट
10 मई
अधिकांश पर्वतीय जिलों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
11 मई
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
12 मई
पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विशेषकर पर्वतीय और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को सतर्क रहने, मौसम अपडेट पर नजर रखने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है।

