पहाड़ से मैदान तक बदला मौसम, IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट
Weather Alert: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार रविवार को प्रदेशभर में मौसम अस्थिर बना रहेगा।
पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। साथ ही 4 और 5 मई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं, जिससे चारधाम और हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
आज इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश, बिजली चमकने और मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है।
प्रदेशभर में तेज हवाओं का अनुमान
IMD के अनुसार राज्यभर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
4 और 5 मई को ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए देहरादून, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
तापमान में गिरावट, ठंड की वापसी
बीते दिनों हुई बारिश और तेज हवाओं के चलते देहरादून समेत कई मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में एक बार फिर ठंड लौट आई है, जिससे चारधाम यात्रा मार्गों पर भी मौसम का असर पड़ सकता है।
आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर
ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

