क्राइम, हादसे और हड़कंप। उत्तराखंड में एक दिन में कई बड़ी घटनाएं, आप भी पढ़ें….
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले में अपराध और संवेदनशील घटनाओं की श्रृंखला ने कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पंतनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
सुमित वामल नामक युवक से बदमाशों ने पहले मोबाइल और 10 हजार रुपये मांगे, विरोध करने पर डंडे और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी रवि चौहान और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
इसी जिले के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला भी सामने आया है। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी।
फ्लाईओवर से कूदने पहुंची युवती, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
रुद्रपुर में ही एक युवती ने काशीपुर रोड फ्लाईओवर से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे हड़कंप मच गया। युवती का आरोप है कि एक युवक ने शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक उसका शोषण किया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए युवती ने यह कदम उठाया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने समझाकर उसे सुरक्षित बचा लिया। सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने मामले की जांच का भरोसा दिया है।
टिहरी में बड़ा हादसा टला, SDRF ने बचाई 30 लोगों की जान
टिहरी गढ़वाल: डोबरा-चांठी क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के चलते झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे 25–30 पर्यटक फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यह घटना हाल ही में बरगी डैम क्रूज हादसा जैसी त्रासदी की याद दिलाती है, लेकिन समय रहते रेस्क्यू से बड़ा नुकसान टल गया।
वहीं भिलंगना ब्लॉक के गेंवाली गांव में तेज बारिश और बाढ़ जैसे हालात से किसानों की गेहूं की फसल बर्बाद हो गई, जिससे ग्रामीणों में भारी चिंता है।
मसूरी में ट्रैफिक पर सख्ती, शाम 5 बजे के बाद माल रोड नो-एंट्री
मसूरी: पर्यटन सीजन शुरू होते ही नगर पालिका प्रशासन ने माल रोड पर सख्ती बढ़ा दी है। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने निर्देश दिए हैं कि शाम 5 बजे के बाद किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा।
स्थानीय लोगों और आवश्यक सेवाओं को सीमित छूट दी गई है, वहीं जल्द ही स्कैनर और ऑनलाइन भुगतान जैसी फास्ट ट्रैक व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि पर्यटकों को सुविधा मिल सके।
लक्सर में दर्दनाक हादसा: 12 साल की छात्रा की मौत
लक्सर (हरिद्वार): तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे कक्षा 6 की छात्रा दिव्या की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि स्कूल समय में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक के बावजूद ट्रक सड़कों पर कैसे दौड़ रहे हैं।
हरिद्वार में इंस्पेक्टर सस्पेंड, दुष्कर्म मामले में लापरवाही भारी पड़ी
हरिद्वार: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में लापरवाही बरतने पर खानपुर थाना प्रभारी दिगपाल सिंह कोहली को SSP ने निलंबित कर दिया। नवनीत सिंह भुल्लर ने साफ कहा कि कानून व्यवस्था में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नैनीताल में अवैध होमस्टे पर बड़ी कार्रवाई
नैनीताल: पर्यटन विभाग ने अवैध होमस्टे पर सख्ती दिखाते हुए 52 पंजीकरण रद्द कर दिए हैं और कई पर जुर्माना लगाया गया है। जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी ने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
उत्तराखंड में एक ही दिन में सामने आई इन घटनाओं ने सुरक्षा, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जहां एक ओर पुलिस और SDRF की सक्रियता से कई जानें बचीं, वहीं अपराध और लापरवाही की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।

