राजधानी से जिलों तक अपराध का ग्राफ हाई। पुलिस के ऑपरेशन बेअसर!
देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रिटायर्ड ब्रिगेडियर हत्याकांड के बाद पुलिस द्वारा चलाए गए ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक, नाइट वॉच, प्रहार और क्रैकडाउन के बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है।
ताजा मामला कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र का है, जहां एक अस्पतालकर्मी युवक पर कांच की टूटी बोतल से जानलेवा हमला किया गया। रविवार रात चमन विहार स्थित एक शराब की दुकान के पास दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई।
बीच-बचाव करने पहुंचे हिमांशु पर हमलावरों ने कांच की बोतल से गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पीड़ित के भाई दीपांशु अरोड़ा की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद मानव, आयुष, हिमांशु और ओम सिंह समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
हरिद्वार: दो अलग-अलग मामलों में युवक और विवाहिता ने की आत्महत्या
हरिद्वार जिले में आत्महत्या के दो मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर में 35 वर्षीय युवक नितिन कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह नशे का आदी था और कुछ दिन पहले उसने पुलिस को लूट की झूठी सूचना भी दी थी।
दूसरी घटना सिडकुल क्षेत्र के ब्रह्मपुरी की है, जहां लता नामक विवाहिता ने गृह क्लेश से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों मामलों में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
रुद्रपुर (दिनेशपुर): फर्जी डॉक्टर का बड़ा खुलासा, एलोपैथिक दवाओं से कर रहा था ‘इलाज’
उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फर्जी डॉक्टर के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह ने खुद मरीज बनकर आरोपी तक पहुंच बनाई।
जांच में सामने आया कि आरोपी आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर एलोपैथिक शुगर की दवाएं मिलाकर लोगों को दे रहा था। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में दवाइयां, मशीनें, 60 हजार से अधिक गोलियां, अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इतना ही नहीं, मौके से बारहसिंघा के सींग मिलने के बाद वन विभाग ने भी मामला दर्ज किया है। प्रशासन के अनुसार आरोपी का नेटवर्क देश-विदेश तक फैला हुआ था।
बागेश्वर: बारात लेकर जा रही बोलेरो खाई में गिरी, 11 घायल
कपकोट क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहां बारातियों से भरी बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना लाथी-माजखेत मोटर मार्ग पर शामा भनार के पास हुई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
हरिद्वार: फर्जी सीबीआई नोटिस दिखाकर महंत से लाखों की ठगी
नगर कोतवाली क्षेत्र के भूपतवाला में एक आश्रम के महंत से फर्जी सीबीआई नोटिस के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रस्ट के नाम पर जुड़े लोगों ने महंत से करीब 20 लाख रुपये वसूले और संपत्ति हड़पने की साजिश रची।
पीड़ित महंत की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों ने महंत को धमकाने और ब्लैकमेल करने का भी प्रयास किया।
देहरादून: संपत्ति विवाद में दो पक्षों के 14 लोग गिरफ्तार
प्रेमनगर क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार विवादित जमीन गोल्डन फॉरेस्ट से जुड़ी है और दोनों पक्ष उस पर मालिकाना हक जता रहे हैं। मामले की रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की जाएगी।
नैनीताल (भीमताल): आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर व्यापारियों का विरोध
भीमताल में एक युवक पर गंभीर आरोपों के बावजूद गिरफ्तारी न होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और बाजार बंद रखा।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता द्वारा एफआईआर दर्ज न कराने के कारण कानूनी कार्रवाई में बाधा आ रही है, हालांकि आरोपी की तलाश जारी है।
कालाढूंगी: तेज रफ्तार कार ने ठेले वाले युवक को कुचला, मौके पर मौत
कालाढूंगी में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे ठेला लगा रहे 18 वर्षीय युवक अभिषेक सिंह को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
(नोट: अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो मदद लेना बेहद जरूरी है। स्नेहा फाउंडेशन (044-24640050) और टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज हेल्पलाइन (9152987821) पर संपर्क किया जा सकता है।)

