UKPSC का APS परीक्षा के लिए दस्तावेज सत्यापन कार्यक्रम जारी। अनुपस्थित अभ्यर्थी होंगे बाहर
UKPSC Latest Update 2026: उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग ने अपर निजी सचिव (APS) परीक्षा-2024 के अंतर्गत मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए अभिलेख सत्यापन कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग के अनुसार यह प्रक्रिया 11 मई से 14 मई 2026 तक हरिद्वार स्थित परीक्षा भवन में आयोजित की जाएगी।
आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रथम चरण की हिन्दी एवं अंग्रेजी आशुलेखन परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 751 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था, जिनका अब दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।
दो सत्रों में होगा सत्यापन
अभिलेख सत्यापन प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित होगा।
- प्रथम सत्र: सुबह 10:00 बजे से
- द्वितीय सत्र: दोपहर 02:30 बजे से
रोल नंबर के अनुसार अभ्यर्थियों को अलग-अलग तिथियों और सत्रों में बुलाया गया है।
अनिवार्य दस्तावेज लाना जरूरी
अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्न दस्तावेज अनिवार्य रूप से लाने होंगे।
- ऑनलाइन आवेदन पत्र का स्वहस्ताक्षरित प्रिंटआउट
- शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र (हाईस्कूल, इंटर आदि)
- आरक्षण एवं अधिमानी अर्हता से संबंधित प्रमाण पत्र
- सभी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां (32 सेट)
- पासपोर्ट साइज फोटो
- आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किए गए निर्धारित प्रपत्र
अनुपस्थित रहे तो बाहर
आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम चयन में शामिल नहीं किया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी के दस्तावेज अधूरे पाए जाते हैं, तो उन्हें अधिकतम 7 दिन का समय दिया जाएगा, इसके बाद भी दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी।
प्रतिबंधित वस्तुएं
अभिलेख सत्यापन के दौरान आयोग परिसर में मोबाइल फोन, कैमरा व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
नोट: जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में हाईस्कूल या इंटरमीडिएट के प्रमाण पत्र आयोग को नहीं भेजे हैं, वे सत्यापन के समय उनकी मूल प्रति और दो सेट छायाप्रति साथ लाना सुनिश्चित करें।

