PM Modi के दौरे से पहले एक्सप्रेसवे बंद, रूट डायवर्जन लागू। देहरादून में हाई अलर्ट
देहरादून। प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को 12 अप्रैल से 14 अप्रैल तक यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
एक्सप्रेसवे के गणेशपुर क्षेत्र में मरम्मत कार्य के चलते यह निर्णय लिया गया है, जिससे उद्घाटन कार्यक्रम से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें।
14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बहुप्रतीक्षित एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इसके मद्देनजर देहरादून से छुटमलपुर तक एक्सप्रेसवे पर आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्ट रूट का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
रूट डायवर्जन प्लान जारी
देहरादून शहर से सहारनपुर, रुड़की और दिल्ली जाने वाले वाहनों को शिमला बाईपास तिराहा-नयागांव रोड-धर्मावाला चौक-बेहट मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं, रिस्पना पुल-जोगीवाला-लालतप्पड़-रायवाला-हरिद्वार रूट भी विकल्प के तौर पर तय किया गया है।
देहरादून से छुटमलपुर और बिहारीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन शिमला बाईपास-नयागांव रोड-धर्मावाला चौक-शाकुंबरी देवी-छुटमलपुर मार्ग से गुजरेंगे।
दिल्ली, सहारनपुर और रुड़की से देहरादून व मसूरी आने वाले वाहनों को छुटमलपुर-बेहट-धर्मावाला-प्रेमनगर-ठाकुरपुर हाईवे-बल्लुपुर चौक मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
महिंद्रा ग्राउंड में जनसभा, ड्रोन पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रधानमंत्री उद्घाटन के बाद गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। वीवीआईपी दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक ब्रीफिंग की गई है। पूरे वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल को 2 सुपर जोन, 6 जोन, 12 सेक्टर और 54 सब सेक्टर में विभाजित किया गया है। पुलिस, खुफिया एजेंसियों और अन्य सुरक्षा बलों को त्रुटिरहित सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईराइज इमारतों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी
वीवीआईपी रूट के आसपास स्थित हाईराइज बिल्डिंग्स, पानी की टंकियों, फ्लाईओवर आदि की बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वॉड के माध्यम से सघन जांच की जा रही है। साथ ही वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।
चेकिंग अभियान तेज
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों को होटल, धर्मशाला, बस अड्डा और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
सीएम धामी ने किया निरीक्षण
इसी क्रम में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड और मां डाट काली मंदिर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, बिजली और स्वच्छता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं।
प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।



