उद्घाटन से पहले ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, 5 कारों की टक्कर से मचा हड़कंप
देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का रोमांच भारी पड़ता नजर आ रहा है। उद्घाटन से ठीक दो दिन पहले ही एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी और वायरल वीडियो के अनुसार, एलिवेटेड रोड के घुमावदार हिस्से में एक वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद एक के बाद एक कुल 5 कारें आपस में टकरा गईं। हादसा इतना जबरदस्त था कि एक कार डिवाइडर पर चढ़ी हुई दिखाई दी।
बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना सहारनपुर के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित लगभग 12 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड पर हुई। इस हिस्से में निर्धारित गति सीमा के बावजूद कई चालक तेज रफ्तार से वाहन दौड़ा रहे हैं, जो हादसों की बड़ी वजह बन रहा है।
हादसे में कुछ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायलों की संख्या और स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रस्तावित दौरे के दौरान इसी एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होना है।
ऐसे में उद्घाटन से पहले ही हुआ यह हादसा न सिर्फ सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाता है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई, तो भविष्य में ऐसे हादसे और बढ़ सकते हैं।
प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती एक्सप्रेसवे पर गति-सीमा का सख्ती से पालन कराना और लापरवाह ड्राइविंग पर प्रभावी कार्रवाई करना है।



