बिग ब्रेकिंग: देहरादून में इंडक्शन की मांग अचानक बढ़ी, कई दुकानों में स्टॉक खत्म

देहरादून में इंडक्शन की मांग अचानक बढ़ी, कई दुकानों में स्टॉक खत्म

देहरादून: अंतरराष्ट्रीय हालात का असर अब उत्तराखंड के बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के बीच देहरादून में अचानक इंडक्शन चूल्हों की मांग तेजी से बढ़ गई है।

स्थिति यह है कि कई इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में इंडक्शन पूरी तरह से आउट ऑफ स्टॉक हो चुके हैं, जबकि कुछ दुकानों में गिने-चुने ही पीस बचे हैं।

दरअसल, गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के चलते लोगों में डर का माहौल बन गया है। हालांकि फिलहाल घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य बताई जा रही है,

लेकिन लोगों ने एहतियात के तौर पर खाना बनाने के वैकल्पिक साधन जुटाने शुरू कर दिए हैं। इसी वजह से बाजार में इंडक्शन और इलेक्ट्रिक चूल्हों की बिक्री अचानक बढ़ गई है।

कोरोना काल जैसी स्थिति

बाजार के जानकारों का कहना है कि यह स्थिति कुछ हद तक कोरोना काल की याद दिला रही है, जब लोगों ने अचानक जरूरी सामान का स्टॉक करना शुरू कर दिया था। उसी तरह अब लोग संभावित संकट को देखते हुए पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं।

दुकानों में तेजी से बिक रहे इंडक्शन

देहरादून के कई दुकानदारों के मुताबिक, सामान्य दिनों में इंडक्शन की मांग बहुत कम रहती थी और दुकानों में सीमित स्टॉक ही रखा जाता था। लेकिन पिछले कुछ दिनों में मांग इतनी बढ़ गई है कि जो भी स्टॉक आया, वह कुछ ही घंटों में बिक गया। कई दुकानदारों ने कंपनियों को नए ऑर्डर भी भेज दिए हैं।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी बढ़े दाम

इंडक्शन की बढ़ती मांग का असर ऑनलाइन बाजार में भी दिखने लगा है। जो इंडक्शन पहले 1500 से 2000 रुपये तक मिल रहा था, उसकी कीमत अब 2000 से 3000 रुपये तक पहुंच गई है। कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तो यह फिलहाल उपलब्ध भी नहीं दिख रहा है।

डर की वजह से बढ़ी खरीदारी

मनोचिकित्सकों का कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान लोगों ने जो कठिन परिस्थितियां देखीं, उसका मानसिक प्रभाव अभी भी बना हुआ है। इसी वजह से जब भी किसी संभावित संकट की खबर सामने आती है तो लोग पहले से तैयारी करने लगते हैं।

ग्राहक बैकअप के तौर पर खरीद रहे इंडक्शन

इंडक्शन खरीदने आए कई ग्राहकों ने बताया कि वे इसे बैकअप विकल्प के तौर पर ले रहे हैं, ताकि अगर गैस सप्लाई में कोई दिक्कत हो तो खाना बनाने में परेशानी न हो।

हालांकि बाजार के जानकारों का कहना है कि फिलहाल गैस की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन लोगों में फैले डर की वजह से इंडक्शन की बिक्री अचानक बढ़ गई है।